नई दिल्ली : पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (15 फरवरी) तीसरा दिन है। फसलों के लिए MSP की गारंटी समेत बाकी मांगें पूरी कराने के लिए वह हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। यहां हरियाणा पुलिस ने 7 लेयर की बैरिकेडिंग और आंसू गैस के गोले छोड़कर 3 दिन से किसानों को रोका हुआ है।
हरियाणा से लगती पंजाब की खनौरी और डबवाली बॉर्डर भी तीन दिन से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर किसानों के दिल्ली मार्च का गुरुवार को तीसरा दिन है। सरकार और किसानों के बीच तीसरे दौर की वार्ता आज हो सकती है। यह वार्ता चंडीगढ़ में होगी। इससे पहले बुधवार को दोनों पक्षों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की थी और तीसरे दौर की वार्ता पर सहमति बनी थी।

तीसरे दौर की वार्ता ऐसे समय होगी जब किसान संगठनों ने 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। अब तक दिल्ली चलो मार्च के दौरान पंजाब और हरियाणा की शंभू बॉर्डर पर जबरदस्त बवाल देखने को मिला है।
किसान जैसे ही शंभू बॉर्डर पर पहुंचे, हरियाणा पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान झड़प हुई। आंसू गैस के गोले छोड़े गए। संघर्ष में करीब 60 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस बीच, सरकार की ओर से कहा जाता रहा कि वह किसानों के साथ हर मुद्दे पर वार्ता के लिए तैयार है।
उधर, दिल्ली में भी हाई अलर्ट है। एक महीने के लिए धारा 144 लगा दी गई है। दिल्ली से सटी हरियाणा और यूपी की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

