- बलदेव पुलिस ने आखिर क्यों उठाया ऐसा कदम, आरोपी पर ईंट से क्यों किया हमला?
- क्या आरोपी किसी को मां का बेटा या किसी पत्नी का पति नहीं?
- बलदेव पुलिस की शर्मनाक करतूत से हर कोई हैरान
मथुरा/बलदेव : बलदेव थाना क्षेत्र के गांव नगला गिरधर में बीते दिन पुलिस ने आरोपित हरीओम से जिस प्रकार बर्बरता की उससे ऐसा प्रतीत होता है कि यह सब कुछ बलदेव थानाध्यक्ष की सह पर हुआ? अगर ऐसा नहीं तो ईंट से प्रहार करने की आखिर क्या जरूरत पड़ी? आरोपित पर पुलिस द्वारा हमले के बाद भी थानाध्यक्ष का कोई संकोच नहीं। वह साफ तौर पर मीडिया के पूछे जाने पर बयान दे रहे हैं कि आरोपित द्वारा बल का प्रयास करने के कारण पुलिसकर्मियों ने ऐसी मशक्कत की।
बलदेव पुलिस की इस बर्बरता और शर्मनाक करतूत की चर्चा कस्बा बलदेव ही नहीं बल्कि, गांवों में भी हो रही है। लोक कह रहे हैं कि आरोपित था, लेकिन ऐसा कौन करता है आरोपी के साथ। क्या आरोपी किसी मां का बेटा नहीं था, किसी पत्नी का पति नहीं था या फिर किसी बच्चे का बाप नहीं था ?
बलदेव पुलिस की बर्बरता के वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार बलदेव पुलिस ने आरोपी पर ईंट और लात, घूंसे बरसाये। आरोपी की पत्नी चीख-चीख कर कह रही है कि उसे कपड़े पहन लेने दो। बच्चा रो रहा है, लेकिन आरोपी के नंगे बदन पर पुलिस बर्बरता ने शर्मनाक माहौल पैदा कर दिया।
पुलिस की इस बर्बरता के बाद भी उच्चाधिकारियों ने अभी तक पुलिसकर्मी अथवा थानाध्यक्ष से कोई जवाब तलब तक नहीं किया है। आखिर क्यो? क्या यह बर्बरता ठीक थी ?
पहले भी बलदेव पुलिस बनी रही चर्चा
बीते माह दाऊजी मंदिर के सेवायत से एक बलदेव थाने में तैनात पुलिसकर्मी ने इस प्रकार मारपीट कर दी कि सेवायतों में गुस्सा फैल गया। कारण सिर्फ पुलिसकर्मी को सेवायत ने अंदर से दर्शन नहीं करने दिया। इसके बावजूद आजतक पुलिसकर्मी पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। वकीलों के घंटों प्रदर्शन के बाद थानाध्यक्ष ने पहुंचकर पुलिसकर्मी से मांफी मंगवाई। इससे पहले भी एक पुलिसकर्मी रिश्वत लेते हुए धरा गया। क्या यह सब कुछ थानाध्यक्ष को पता नहीं कि कहां क्या चल रहा है।
