Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

अमेरिकी साइंटिस्ट ने दिल्ली के प्रदूषण की सैटेलाइट इमेज दिखाईं:लिखा- AQI गंभीर कैटेगरी में; NASA ने तस्वीरें साझा कीं

दिल्ली : दिल्ली में गुरुवार को एयर क्वालिटी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, वसंत विहार इलाके में गुरुवार सुबह 11:55 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1,336 दर्ज किया गया। वहीं, द्वारका-सेक्टर 8 में AQI 1,051 दर्ज किया गया। इसके अलावा पंजाबी बाग इलाके में 740 से लेकर 980 AQI तक रिकॉर्ड किया गया।

इस बीच, अमेरिकी साइंटिस्ट हीरेन जेठवा ने 14 नवंबर को दिल्ली की सैटेलाइट इमेज शेयर की हैं। हीरेन के मुताबिक, दिल्ली में घना स्मॉग है और AQI गंभीर कैटेगरी में है। कुछ अन्य शहरों की गर्मी दिल्ली पर असर डाल रही है। पंजाब के किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। गाड़ियों से निकलने वाला धुआं भी AQI खराब कर रहा है।

हीरेन अमेरिका की मॉर्गन स्टेट यूनिवर्सिटी में एरोसोल रिमोट सेंसिंग साइंटिस्ट हैं। हीरेन की फोटोज NASA ने भी शेयर की हैं।

तस्वीर में दिल्ली, हरियाणा में घनी धुंध साफ देखी जा सकती है।

तस्वीर में दिल्ली, हरियाणा में घनी धुंध साफ देखी जा सकती है।

दिल्ली में पांचवीं तक क्लासेस ऑनलाइन लगेंगी

दिल्ली के 39 पॉल्यूशन मॉनिटरिंग स्टेशंस में से 32 ने AQI को गंभीर बताया है। इससे हवा में सांस लेना और मुश्किल हो गया है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी प्राइमरी स्कूलों (पांचवीं क्लास तक) को अगले आदेश तक ऑनलाइन चलाने के निर्देश दिए।

कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने NCR यानी हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आने वाली बसों पर रोक लगा दी। हालांकि इलेक्ट्रिक व्हीकल, CNG वाहनों और BS-4 डीजल बसों को इससे छूट मिलेगी।

दिल्ली-NCR में निर्माण, तोड़फोड़ पर रोक

  • दिल्ली-NCR में निर्माण, खनन और तोड़फोड़ पर रोक रहेगी।
  • दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहन भी नहीं चलेंगे।
  • दिल्ली में BS-3 डीजल के इमरजेंसी व्हीकल के अलावा इस स्तर के सभी मीडियम गुड्स व्हीकल पर भी रोक रहेगी।
  • इसके अलावा मशीन से सड़कों की सफाई की फ्रिक्वेंसी बढ़ाने और हैवी ट्रैफिक वाले रूट पर पीक आवर से पहले पानी का छिड़काव करने जैसे उपाय किए जाएंगे।
  • ये सभी प्रतिबंध और उपाय 15 नवंबर सुबह 8 बजे से लागू होंगे। इन्हें ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे फेज के तहत लागू किया जा रहा है।
दिल्ली में धुंध को कम करने के लिए रोजाना पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

दिल्ली में धुंध को कम करने के लिए रोजाना पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

राज्य सरकार ने कहा था- हम प्रतिबंध नहीं लगाएंगे

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार सुबह ही कहा था, ‘GRAP-3 के प्रतिबंध लागू नहीं किए जाएंगे।’ दिल्ली में गुरुवार सुबह 6 बजे 31 इलाकों में प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी से गंभीर श्रेणी में पहुंच गया था। सबसे ज्यादा एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 567 जहांगीरपुरी में दर्ज किया गया।

इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आतिशी सरकार की निष्क्रियता के कारण प्रदूषण की स्थिति दिल्ली के आसपास के इलाकों से भी बदतर हो गई है। राजपथ जैसे इलाकों में भी AQI 450 से ज्यादा है। उन्होंने कहा- दिल्ली के लोग चाहते हैं कि गोपाल राय अपना पद छोड़ दें।

वहीं, गोपाल राय ने दावा किया कि दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी में 35% योगदान भाजपाशासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश के NCR में आने वाले जिलों का है।

क्या होता है ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP)

राजधानी में प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए GRAP को 4 कैटेगरी में बांटा गया है। इसके तहत, अलग-अलग कदम उठाए जाते हैं।

  • GRAP-1: खराब (AQI 201-300)
  • GRAP-2: बहुत खराब (AQI 301-400‌)
  • GRAP-3: गंभीर ( AQI 401 से 450)
  • GRAP-4: बहुत गंभीर ( AQI 450 से ज्यादा)

आगे क्या: इन राज्यों में छाएगा बहुत घना कोहरा

यूपी और पंजाब में 15 नवंबर तक, हिमाचल में 18 नवंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाएगा। हरियाणा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड में 16 नवंबर तक धुंध छाने का अनुमान है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *