Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

यमन में निमिषा प्रिया की फांसी की सजा रद्द की गई, भारतीय ग्रैंड मुफ्ती के कार्यालय का दावा

दैनिक उजाला, वर्ल्ड डेस्क : यमन की जेल में बंद भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी सामने आई है कि निमिषा प्रिया की फांसी की सजा रद्द कर दी गई है। भारतीय ग्रैंड मुफ्ती, कंथापुरम एपी अबू बकर मुस्लैयार के कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी है। ये खबर निमिषा प्रिया के परिवार और उनके समर्थकों के लिए काफी राहत भरी मानी जा रही है। आइए जानते हैं कि ग्रैंड मुफ्ती के कार्यालय ने इस बारे में क्या बताया है।

अब तक क्या जानकारी सामने आई?

यमन में हत्या के एक मामले में मौत की सज़ा का सामना कर रही भारतीय नागरिक निमिषा प्रिया के मामले पर, भारतीय ग्रैंड मुफ़्ती, कंथापुरम एपी अबू बकर मुस्लैयार के कार्यालय ने कहा, “निमिषा प्रिया की मौत की सज़ा, जिसे पहले निलंबित कर दिया गया था, को पलट दिया गया है। निमिषा के मृत्युदंड को पूरी तरह से रद्द करने का फैसला किया गया, जिसे पहले अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था।”

सरकार ने पुष्टि नहीं की

भारतीय ग्रैंड मुफ्ती, कंथापुरम ए.पी. अबूबकर मुसलियार के कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सना में एक उच्च-स्तरीय बैठक के बाद निमिषा प्रिया की सजा आधिकारिक रूप से रद्द कर दी गई है। हालांकि, अब तक केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने इस घटनाक्रम की पुष्टि नहीं की है।

यह निर्णय कथित तौर पर भारतीय ग्रैंड मुफ्ती के अनुरोध पर शेख उमर हाफिज थंगल द्वारा नियुक्त यमनी विद्वानों के एक प्रतिनिधिमंडल, उत्तरी यमन के शासकों और अंतर्राष्ट्रीय राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ मध्यस्थता वार्ता के दौरान लिया गया। मामले में अधिक जानकारी मिलनी बाकी है।

यहां समझें पूरा केस

केरल के पलक्कड़ जिले की रहने वाली नर्स निमिषा प्रिया को 2017 में यमन में अपने बिजनेस पार्टनर की हत्या का दोषी ठहराया गया था। निमिषा को साल 2020 में मौत की सजा सुनाई गई थी। निमिषा की अंतिम अपील 2023 में खारिज कर दी गई थी। निमिषा प्रिया को पहले 16 जुलाई को फांसी की सजा दी जानी थी लेकिन तब इसे टाल दिया गया था। हालांकि, अब इस सजा को रद्द किए जाने की बात सामने आ रही है। निमिषा वर्तमान में यमन की राजधानी सना की एक जेल में बंद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *