बड़ौद/आगर मालवा : आगर मालवा में 7 साल के बच्चे की हत्या के प्रयास में बड़ा खुलासा हुआ है। 17 साल के आरोपी ने बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य की कोशिश की थी। बच्चे ने मना किया और घर पर बताने की बात कही, तो वह भड़क गया। आरोपी ने बच्चे के सिर पर पत्थर मार दिया। बच्चा इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती है। यहां उसकी हालत स्थिर है। वह बेहोशी की हालत में है।
इधर, बड़ौद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल अप्राकृतिक कृत्य की धारा नहीं बढ़ाई है। पुलिस बच्चे के बयान और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस के सामने आरोपी ने अपराध कबूल भी कर लिया है। आरोपी को उज्जैन के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

बच्चे को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजन बोले- झाड़ियों में अर्द्धनग्न हालत में मिला था बच्चा
बच्चे के फूफा ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे की बात है। बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। मां अपने छोटे बेटे को घर के अंदर दूध पिला रही थी। हमारे घर से कुछ दूर रहने वाला आरोपी बाइक से आया। करीब 15 से 20 मिनट तक वह बच्चे से बात करता रहा। इतने में उसकी दादी ने बेटे को अंदर बुलाया। बच्चे ने कहा कि मैं केला खाकर आता हूं। दादी अंदर भैंस का दूध दुहने चली गईं। थोड़ी देर बाद दादी लौटकर आईं, तो दोनों गायब थे।
दादी ने छोटे दादा को यह बात बताई। बताया कि कुछ देर पहले ही तो दोनों यहीं खड़े थे, लेकिन अब वह नहीं मिल रहे। परिवार वाले उसे तलाशने लगे, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रात करीब 8 बजे मस्जिद से ऐलान भी करवाया। इसके बाद गांव वाले इकट्ठा होकर उसे तलाशने के लिए निकल गए। रात 10 बजे तक बच्चा नहीं मिला, तो थाने में रिपोर्ट करने पहुंचे। इसके बाद पुलिस और गांव वाले सुबह 4 बजे तक बच्चे को तलाशते रहे।
सुबह करीब 5 बजे गांव के लोगों को बच्चा जंगल में झाड़ियों में खून से लथपथ मिला। उसके तन पर सिर्फ शर्ट थी। नीचे के कपड़े नहीं थे। सिर पत्थर के कुचला हुआ था। हाथों पर दांतों के काटने के निशान थे। उसे अस्पताल लेकर गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
माथे, सिर और आंख के पास गहरी चोट
फूफा ने बताया कि बच्चे के माथे, सिर के पीछे, आंख के पास गहरी चोट है। मुंह पर भी चोट है। होंठ भी कटा हुआ है। उसे करीब 10 से 15 टांके आए हैं। पेशाब की जगह पर सूजन है। बच्चे के साथ गलत काम भी किया गया है। बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टर ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट में ये लिखा भी है।
गांववालों ने भी बच्चे को ले जाते हुए देखा था
बच्चे के फूफा का कहना है कि आरोपी का घर हमारे घर से करीब 500 मीटर दूर ही है। आरोपी बस स्टैंड पर एक होटल में काम करता है। उसे बच्चे के साथ पहली बार देखा था। गांववालों ने भी बाइक पर बच्चे को साथ में ले जाते देखा था।
गांव के लोगों ने रविवार को बड़ौद थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसका मकान जेसीबी से तोड़ने की मांग की है।
सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया,

आरोपी के खिलाफ पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया था। बाद में हत्या के प्रयास और अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी ने बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य का प्रयास किया था। मामले की विवेचना की जा रही है।

