चंडीगढ़/दिल्ली/शिमला : दिल्ली में यमुना का पानी शहर के अंदर घुस गया है। गुरुवार सुबह मॉनेस्ट्री मार्केट में सड़क पर एक फीट तक पानी भर गया। मयूर विहार फेज-1 के पास बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बने राहत शिविरों में यमुना का पानी भर गया। अलीपुर में नेशनल हाईवे-44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा धंस गया।
पंजाब के सभी 23 जिलों में बाढ़ आ गई है। 1,655 गांवों में 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी की छुट्टियां 7 सितंबर कर दी गई हैं। बाढ़ से अब तक 1,75,286 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई हैं। 1 अगस्त से 3 सितंबर तक बाढ़ में 37 लोगों की मौत हुई है। पठानकोट में 3 लापता हैं।
यूपी के पीलीभीत में 25 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं मथुरा में यमुना की बाढ़ में 6 गांव डूब गए हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल तक पहुंच गया है।
हरियाणा के भी कई इलाके बाढ़ में डूबे हैं। राज्य में 11 लोगों की मौत हुई है। हिसार, पंचकूला, अंबाला और रोहतक में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली से पानी छोड़ने से फरीदाबाद में यमुना खतरे के निशान तक पहुंच गई है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में गुरुवार सुबह लैंडस्लाइड में दो घर ढह गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। 6 लोग अंदर फंस गए हैं। कुल्लू में बुधवार को भी लैंडस्लाइड हुई थी। मलबे में दबे एक NDRF जवान को 24 घंटे बाद आज रेस्क्यू किया गया।

दिल्ली के अलीपुर में गुरुवार को NH-44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा बारिश के कारण धंस गया।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पुलिस-सेना ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को निकाला।

दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में यमुना का पानी घुस गया है। यह ड्रोन विजुअल गुरुवार सुबह का है।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बुधवार को बर्फबारी हुई। इससे बरालचा टॉप पर 3 ट्रक फंस गए।
भारत-पाक बॉर्डर पर 110 किलोमीटर से ज्यादा लंबी फेंसिंग टूटी
जम्मू और पंजाब में बाढ़ के कारण भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर की 110 किलोमीटर से ज्यादा लंबी फेंसिंग को नुकसान हुआ है। साथ ही करीब 90 BSF चौकियां पानी में डूब गई हैं।
पंजाब में लगभग 80 किलोमीटर लंबी और जम्मू में लगभग 30 किलोमीटर लंबी बॉर्डर फेंसिंग बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि इन जगहों पर फेंसिंग या तो डूब गई है, उखड़ गई है या झुक गई है।
देश के पश्चिमी हिस्से में राजस्थान और गुजरात राज्यों से होकर गुजरने वाली 2,289 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा में से सीमा बल जम्मू में लगभग 192 किलोमीटर और पंजाब में 553 किलोमीटर की सुरक्षा करता है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह पंजाब के गुरदासपुर बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया
दिल्ली के आईटीओ ब्रिज और सचिवालय इलाके में बाढ़ का पानी पहुंचा
उज्जैन में मंदिर, रतलाम में रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म डूबा
मध्यप्रदेश में गुरुवार को भी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इंदौर में लगातार हो रही बारिश की वजह से कान्ह नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कृष्णपुरा पुल के पास दो लोग फंस गए थे, जिन्हें नगर निगम और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू किया।
उज्जैन में क्षिप्रा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे के मंदिर डूब गए हैं। उनके गुंबद तक पानी आ गया है। प्रशासन ने लोगों को घाटों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
रतलाम में रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पानी में डूबा है। जनता कॉलोनी, पीएंडटी कॉलोनी, जवाहर नगर समेत कई रिहायशी इलाकों में भी पानी भर गया है। गृहस्थी का सामान डूब गया। पलसोड़ा गांव पूरी तरह पानी में डूबा है।
सुप्रीम कोर्ट बोला- पेड़ों की अवैध कटाई की, अब प्रकृति बदला ले रही

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू की गड़सा घाटी में बादल फटने के बाद नदी में बहकर आईं लकड़ियां।
सुप्रीम कोर्ट में बाढ़-बारिश से हालात खराब होने पर गुरुवार को सुनवाई हुई। कोर्ट ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पंजाब को नोटिस भेजा है और तीन सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि पहाड़ियों में पेड़ों की अवैध कटाई की इसलिए प्रकृति हमसे बदला ले रही है।
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ के पानी में पहाड़ियों से बहकर आई लकड़ी की बड़ी संख्या में लकड़ियों के लट्ठों के वीडियो का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह एक बहुत ही गंभीर मुद्दा है।
गुजरात में इस मानसून सीजन में पहली बार नर्मदा डैम के 15 गेट खुले
गुजरात में हो रही बारिश और मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर डैम से छोड़े जा रहे पानी के कारण सरदार सरोवर डैम का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। इसके चलते गुरुवार को डैम के 15 गेट खोल दिए गए। बुधवार शाम तक डैम का स्तर 135.37 मीटर पर पहुंच गया था।
बांध का अधिकतम जलस्तर 138.68 मीटर है। डैम के एक साथ 15 गेट खोलने के कारण नर्मदा नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। वडोदरा जिले के डभोई, शिनोर और करजण तालुका के 25 गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को नर्मदा और तापी जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही दक्षिण गुजरात के अन्य इलाकों में भी भारी बारिश के चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बाढ़ का अलर्ट, निचला इलाका खाली करने की सलाह
जम्मू-कश्मीर में झेलम नदी के उफान पर आने से बडगाम जिले के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। गुरुवार को झेलम नदी का जलस्तर 21 फीट के खतरे के निशान को पार कर गया है। श्रीनगर में लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने निचले इलाकों में लोगों को घरों से निकलकर सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
एक अधिकारी ने बताया कि बडगाम के शालिना में एक दरार की सूचना मिली है। एहतियात के तौर पर, लासजन, सोइतेंग, नौगाम, व्येथपोरा, गोलपोरा, पदशाहीबाग और महजूरनगर के लोगों को इन इलाकों को खाली करके सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है। दक्षिण कश्मीर के संगम और राम मुंशी बाग में झेलम नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
कश्मीर में अधिकारियों ने बताया कि डल झील और उसके आसपास रहने वाले निवासियों, खासकर डल झील पर हाउसबोट में रहने वाले लोगों सलाह जारी की है। बढ़ते जलस्तर के कारण राम मुंशी बाग स्थित गेट को किसी भी समय खोला जा सकता है। इस गेट के खुलने से डल झील का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है, जो अभी 10.5 फीट है।
छत्तीसगढ़: 12 जिलों में अलर्ट, बलरामपुर में बांध टूटने से 4 की मौत, 3 लापता

बलरामपुर में लगातार बारिश से बांध टूट गया, जिसमें 7 लोग बह गए। इनमें 4 की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, बलरामपुर जिले में गुरुवार को तेज बारिश का यलो अलर्ट है। बिलासपुर, मुंगेली, रायगढ़ समेत 10 जिलों में बिजली और आधी की आशंका है। बुधवार को लगातार बारिश से बलरामपुर के लुत्ती में पुराना बांध बह गया। पानी के तेज बहाव में निचले इलाके के चार घरों से 7 लोग बह गए। इनमें से 4 की डेडबॉडी मिल गई है। 3 लापता हो गए।
दिल्ली में रिलीफ कैंप्स से लेकर सड़कों तक पानी, तस्वीरों में बाढ़ के हालात

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह मयूर विहार फेज-1 के पास राहत शिविरों में भी पानी भर गया।

दिल्ली के मॉनेस्ट्री मार्केट में सड़कों पर गुरुवार सुबह यमुना का पानी भर गया। इससे गाड़ियां की रफ्तार धीमी पड़ गई।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कश्मीरी गेट इलाके के कुछ हिस्सों में बाढ़ आ गई है। ये नजारा गुरुवार सुबह ड्रोन से रिकॉर्ड किया गया है।

दिल्ली के सिविल लाइंस में बेला रोड पर उफनती यमुना नदी का पानी घुसने से वाहन डूब गए, इमारतें जलमग्न हो गईं।

