- VIDEO जारी करके बोले-कानून हाथ में नहीं ले सकते
आगरा : आगरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम ऐनवक्त पर कैंसिल कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर 5 हजार लोगों के बैठने की जगह थी, लेकिन 4 गुना ज्यादा करीब 20 हजार भक्त पहुंच गए। इसके चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया।
आशीर्वचन कार्यक्रम रमाडा होटल के सामने राज देवम गार्डन में था। धीरेंद्र शास्त्री शनिवार सुबह 11:30 बजे ही आगरा के खंदारी पदम प्राइड अपार्टमेंट पहुंच गए थे। उन्हें दोपहर 1 बजे मंच पर आना था और यहां भक्तों को 2 घंटे आशीर्वाद देना था, लेकिन दोपहर 12 बजे ही कार्यक्रम स्थगित करने का लेटर जारी कर दिया गया।
फिलहाल, धीरेंद्र शास्त्री कारोबारी पुष्कल गुप्ता के घर रुके हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा- सूचना मिली कि बहुत भीड़ पहुंच गई, इसलिए प्रशासन ने अनुमति कैंसिल कर दी। ऐसे में कानून को हाथ में नहीं ले सकते। आपको भी चोट न लगे, आपको कोई परेशानी न हो और धाम पर भी कोई प्रश्नचिह्न खड़ा न हो, इसलिए हम यही प्रार्थना करेंगे कि आप लोग अब परेशान न हों। हम जल्द ही आगरा में दरबार लगाएंगे।
इससे पहले, यह कार्यक्रम तारघर मैदान में होना था, लेकिन बारिश के चलते वहां से बदलकर राज देवम गार्डन में किया गया था।

पुलिस ने भक्तों को कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दी, तब भी लोग हाथ जोड़कर वहां जाने की रिक्वेस्ट करते रहे।

कार्यक्रम स्थगित होने के बाद मायूस भक्त बाहर जगह देखकर बैठ गए।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे।
धीरेंद्र शास्त्री बोले- प्रशासन ने कहा भीड़ बहुत है… दिक्कत न हो जाए
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- आज का उत्सव था। श्री हनुमान जी का चरित्र सामूहिक अर्जी थी, लेकिन हमको अभी-अभी सूचना मिली कि बहुत भीड़ पहुंच गई। इसलिए पुलिस प्रशासन ने किसी भी प्रकार से घटना न हो, इस स्थिति को देखते हुए अनुमति निरस्त कर दी।
हमसे कहा कि आप वहां जाएंगे तो कोई दिक्कत ना हो जाए। इसलिए हम यजमान पुष्कलजी के घर पर हैं। इससे पहले भी जहां कार्यक्रम होना था, वहां बारिश खूब हुई। रातों ही रात पुष्कलजी ने बहुत मेहनत करके व्यवस्था की। लेकिन, देव योग के कारण शायद अब यह भी नहीं बन पा रहा।
हम इस वीडियो के माध्यम से कहना चाह रहे हैं कि आज का जो उत्सव था, वो स्थगित हो गया। हम जल्द ही आगरा आएंगे। कथा सुनाने के लिए दिव्य दरबार भी लगाएंगे। हनुमान जी का चरित्र भी गाएंगे और आप सबसे मिलेंगे। आज ऐसी परिस्थिति हो गई कि हम हैं तो यहीं आगरा में ही। मन कर रहा कि उड़ कर आ जाऊं…भाग कर आ जाऊं, लेकिन अब वहां बहुत अधिक समुदाय भी है।
पं. धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा 7 नवंबर से
पंडित धीरेंद्र शास्त्री एक और ‘सनातन हिंदू एकता’ पदयात्रा निकालने जा रहे हैं। यह पदयात्रा 7 नवंबर को दिल्ली से शुरू होकर 16 नवंबर को वृंदावन पहुंचेगी। करीब 170 किमी की यह पदयात्रा 10 दिन में पूरी होगी। पदयात्रा को बागेश्वर-बांके बिहारी मिलन ‘सनातन हिंदू एकता’ नाम दिया है।
पदयात्रा को लेकर 1 सितंबर को मथुरा के वृंदावन में साधु-संतों के साथ धीरेंद्र शास्त्री ने बैठक की। मीडिया से बातचीत में कहा था- भारत को पुन: खंड-खंड करने की तैयारी है। भारत में विदेशी ताकतें सक्रिय हैं। सनातन पर लगातार उंगली उठा रहे हैं। यमुना, गाय और बृज की स्थिति खराब है। विदेशी ताकतें लव जिहाद, लैंड जिहाद, मूत्र जिहाद, थूक जिहाद के द्वारा लगातार हिंदुओं पर कुठाराघात कर रहे हैं। उसे हटाने के लिए हम यह यात्रा निकाल रहे हैं।

