ग्रेटर नोएडा : जीएलए विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के छात्रों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) सम्मेलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा परिसर में आयोजित इस भव्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 15 देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच जीएलए के दो प्रथम वर्ष के प्रतिभावान छात्रों ने शीर्ष सम्मान अपने नाम किए।
बीटेक सीएसई (एआई एवं एमएल) की छात्रा विदुषी सारस्वत ने जर्मनी का प्रतिनिधित्व करते हुए अद्भुत कूटनीतिक कौशल, शोध क्षमता और नेतृत्व का प्रदर्शन किया। उन्होंने जटिल वैश्विक नीतियों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए, जिसके लिए उन्हें निर्णायक मंडल और सभी देशों के प्रतिनिधियों से सराहना मिली और सम्मेलन में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी कार्यक्रम में यूनाइटेड किंगडम का प्रतिनिधित्व कर रहीं जिया धीमान ने भी अपने दमदार विश्लेषण, तथ्य-आधारित तर्क और आत्मविश्वासपूर्ण वक्तृता से सबका ध्यान आकर्षित किया। उन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया। विश्वभर के प्रतिभागियों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले इस सम्मेलन में जीएलए ग्रेटर नोएडा ने कुल चार छात्रों का प्रतिनिधिमंडल भेजा था। अंतर्राष्ट्रीय नीतियों का अध्ययन, बहस की तैयारी, कूटनीतिक रणनीतियां, वैश्विक चुनौतियों की समझ इन सभी क्षेत्रों में छात्रों ने शानदार दक्षता दिखाई।
एमयूएन सम्मेलन छात्रों को वैश्विक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श, बातचीत कौशल, शोध-आधारित प्रस्तुति और समाधान-उन्मुख सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इस आयोजन ने छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव दिया, जहां न केवल बौद्धिक तैयारी की आवश्यकता होती है, बल्कि त्वरित निर्णय, संयम और प्रभावी संप्रेषण कौशल भी अहम होते हैं।
जीएलए विश्वविद्यालय लंबे समय से अनुभवात्मक शिक्षा, समग्र विकास और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देती रही है। नियमित रूप से आयोजित की जाने वाली डिबेट कार्यशालाएं, पब्लिक स्पीकिंग सेशन, वैश्विक मामलों पर चर्चाएं और शोध प्रशिक्षण ये सभी पहल छात्रों को एमयूएन जैसे प्रतिष्ठित मंचों के लिए तैयार करती हैं।

सम्मेलन से लौटने पर जीएलए ग्रेटर नोएडा कैंपस के प्रतिकुलपति प्रो. दिवाकर भारद्वाज ने दोनों विजेता छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी। उन्होंने छात्रों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जीएलए के छात्र जिस आत्मविश्वास और दक्षता के साथ वैश्विक मंचों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, वह विश्वविद्यालय के शिक्षण-प्रशिक्षण के उच्च मानकों को दर्शाता है। हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है।
जीएलए परिवार का अभिमान
जीएलए विश्वविद्यालय ने विदुषी सरस्वत और जिया धीमान को उनकी इस शानदार अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि वे आगे भी इसी तरह विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

