पटना : पटना में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र देते वक्त एक महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब अपने हाथ से हटा दिया।
नुसरत को मुख्यमंत्री ने पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उसे देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई।
CM ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी। महिला ने जवाब दिया हिजाब है सर। CM ने कहा कि हटाइए इसे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया। महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को नियुक्ति पत्र फिर थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से आ गई।
मुख्यमंत्री आवास पर हुए कार्यक्रम में 1283 आयुष डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस घटना के वीडियो को शेयर करके आरजेडी ने लिखा- ‘यह क्या हो गया है नीतीश जी को। मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं।’

नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र सौंपा फिर उससे कुछ बात की।

थोड़ी देर बाद मुख्यमंत्री ने महिला का हिजाब उतार दिया।

हिजाब उतारते ही आसपास मौजूद लोग हंस पड़े। महिला असहज हो गई।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिया। इन नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों में 685 आयुर्वेदिक, 393 होमियोपैथिक और 205 यूनानी चिकित्सक शामिल हैं।
इन सभी नवनियुक्त 1283 आयुष चिकित्सकों को ‘राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम’ के तहत चल रहे ‘चलंत चिकित्सा दल’ और आयुष चिकित्सा सेवा के तहत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए कई स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापित किया जा रहा है।
इससे स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेगी।

