दैनिक उजाला, बरेली : शिक्षा क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से एजु-लीडर्स समिट 2026 के प्रथम संस्करण का भव्य आयोजन बरेली में किया गया। इस समिट का आयोजन जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा एवं ग्रेटर नोएडा द्वारा बरेली कोचिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया गया।
समिट में बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़े कोचिंग संस्थानों के संचालक, शिक्षाविद् एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के बदलते स्वरूप, करियर आधारित शिक्षा, नई शिक्षा नीति, तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
देशभर में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका GLA
इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के एडमिशन विभाग के निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और नवाचार आधारित शिक्षा के लिए देशभर में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा ‘ए प्लस’ श्रेणी प्रदान की गई है तथा यह विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।
डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय के छात्रों को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हो रहे हैं। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को 60 लाख रुपये वार्षिक पैकेज तक के रोजगार मिले हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के 1500 से अधिक पूर्व छात्र फॉर्च्यून 500 से अधिक कंपनियों में कार्यरत हैं, जबकि 46 हजार से अधिक पूर्व छात्र विश्वभर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
150 से अधिक अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, 14 शोध केंद्र
उन्होंने आगे बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय में 750 से अधिक उच्च योग्यता प्राप्त शिक्षक, 150 से अधिक अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, 14 शोध केंद्र, तथा सरकारी सहयोग से संचालित नवाचार एवं उद्यमिता विकास प्रयोगशाला कार्यरत है। विश्वविद्यालय द्वारा अब तक 10 हजार से अधिक शोध प्रकाशन किए जा चुके हैं तथा 74 पेटेंट स्वीकृत हो चुके हैं। इसके साथ ही 40 से अधिक छात्र स्टार्टअप्स को विश्वविद्यालय द्वारा सहयोग प्रदान किया गया है।
डॉ. अमित अग्रवाल ने इस अवसर पर एजु-कनेक्ट कार्यक्रम के शुभारंभ की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों और विश्वविद्यालय के बीच एक मजबूत, संरचित एवं दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना है, जिससे योग्य विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली उच्च शिक्षा से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा और बरेली कोचिंग एसोसिएशन के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू हुआ। इस एमओयू के अंतर्गत अकादमिक सहयोग, करियर परामर्श, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशालाएं, कौशल विकास कार्यक्रम एवं उच्च शिक्षा से संबंधित मार्गदर्शन संयुक्त रूप से किया जाएगा।
इस अवसर पर बरेली कोचिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह समझौता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित करेगा। वहीं जीएलए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने इसे गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख शिक्षा की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
कार्यक्रम में जीएलए विश्वविद्यालय की ओर से अमित शंखधार (जोनल प्रमुख – उत्तर प्रदेश पश्चिम) एवं अमर शर्मा (प्रबंधक – बरेली) ने भी अपने विचार रखे। वहीं बरेली कोचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमित गुप्ता ने इस प्रकार के आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

