Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

एक फोन कॉल और फिर खामोशी, दिल्ली में लोधी कॉलोनी की आग ने छीन ली मां और दो मासूम बेटियों की जिंदगी

  • दिल्ली के लोधी कॉलोनी में आग से दर्दनाक हादसा, घर में फंसी मां और दो बेटियों की मौत

नई दिल्ली : दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह एक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बीके दत्त कॉलोनी स्थित एक घर में लगी भीषण आग में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की जान चली गई। हादसा इतना खतरनाक था कि परिवार के तीनों सदस्य घर से बाहर तक नहीं निकल पाए और दम घुटने व झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजकर 21 मिनट पर लोधी कॉलोनी के एक मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

कुछ ही देर में फोन बंद हो गया

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद घर के अंदर फंसी महिला ने घबराई हुई हालत में मदद के लिए फोन किया था। उसने बताया था कि घर में आग लग गई है और वे अंदर फंस गए हैं। इसके बाद कुछ ही देर में फोन बंद हो गया। इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अंदर महिला और उसकी दोनों बेटियां बुरी तरह झुलसी हुई मिलीं। तीनों को बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल

मृतकों में करीब 45 वर्षीय महिला और उसकी दो बेटियां शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 7 और 13 साल बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पड़ोसी भी इस हादसे से सदमे में हैं।

दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की कोई संभावना न रहे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा को लेकर फिर उठे गंभीर सवाल

दिल्ली में हाल के दिनों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले फतेह नगर इलाके में पार्किंग में लगी आग में कई वाहन जल गए थे, जबकि चंदन होला क्षेत्र में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। लोधी कॉलोनी की यह घटना एक बार फिर घरों में आग से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *