- महाराष्ट्र के भिवंडी में शुक्रवार देर रात चार मंजिला इमारत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया, इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है
महाराष्ट्र के भिवंडी में पावरलूम शहर के बालाजी नगर इलाके में कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे गिर गया। चार मंजिला पुरानी इमारत का बड़ा हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में इमारत में काम कर रहे कुछ मजदूर और एक परिवार के लोग मलबे में फंस गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार 9 की मौत हो गई है, जबकि मलबे में कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। NDRF की टीम ने मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजा गया। बाकी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक भिवंडी के नारपोली इलाके के भंडारी कंपाउंड स्थित चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग को नगर निगम ने खतरनाक करार दिया था। इसे कैटेगरी-सी में रखा गया था। यानी इस बिल्डिंग को खतरनाक बताते हुए खाली करने को कहा गया था। बिल्डिंग से ज्यादातर परिवार निकल गए थे, सिर्फ एक परिवार वहां था जो कुछ मरम्मत करवा रहा था। इसी दौरान बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद परिवार के लोग और मजदूर आ गए। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत में 48 कमरे थे, हर मंज़िल पर 12 कमरे। नगर निकाय ने इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था। मरम्मत का काम चल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। किसी बड़े हादसे के डर से स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद की। हालांकि, जब कुछ लोग बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत का ‘B’ विंग ढह गया।
प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा बचाव कार्य में बाधा न पहुंचाने की अपील की है। घायलों और हताहतों की संख्या को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। BNCMC के मेयर नारायण चौधरी ने कहा, “हमारी पूरी टीम अभी यहां काम कर रही है। इमारत से बचाए गए लोगों को गायत्री मंदिर-गीता हॉल में ठहराया गया है। हमें जानकारी मिली है कि अंदर करीब छह या सात कर्मचारी थे। फायर ब्रिगेड, NDRF और पुलिस, सभी इसमें शामिल हैं। पूरी टीम काम में जुटी हुई है।”
कई लोगों के फंसे होने की आशंका
भिवंडी वेस्ट के विधायक महेश चौगुले ने कहा, “यह नारपोली के भंडारी कंपाउंड में स्थित कोहिनूर बिल्डिंग है। इसके बगल में एक और बिल्डिंग थी। म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने इसे ‘कैटेगरी C’ में रखा था, जिसका मतलब है कि इसे खतरनाक माना गया था। हालांकि बिल्डिंग खाली करा ली गई थी, लेकिन कुछ लोग ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे थे। ऐसा लगता है कि करीब छह या सात लोग फंसे हो सकते हैं, जिनमें वहां काम कर रहे मजदूर भी शामिल हैं। NDRF की टीम पहुंच चुकी है और पुलिस भी मौजूद है। म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की पूरी टीम इस कोशिश में जुटी हुई है।”

कई लोगों को बाहर निकाला गया।

बिल्डिंग गिरने के बाद रेस्क्यू टीमें लगातार मलबे में दबे लोगों को ढूंढ़ने में जुटी हैं।

ये हादसे के बाद की तस्वीर है। गुरुवार रात 9 बजे से इमारत से तेज दरारें पड़ने जैसी आवाजें आने लगी थीं।
लोग बाहर निकल रहे थे, तभी एक हिस्सा ढहा
एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे निवासियों ने इमारत में कुछ जोरदार चटकने की आवाजें सुनीं। किसी अनहोनी के डर से स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को दूसरी जगहों पर पहुंचाने में मदद की। जब कुछ लोग अभी भी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की बी विंग ढह गई।
बचाव कार्य में जुटी कई एजेंसियां
घटनास्थल पर नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), ठाणे रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं।
भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी ऑफिसर डॉ. आकाश शुक्ला ने बताया कि रात में तीन घायल अस्पताल लाए गए थे, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थे। तीनों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि दोनों पुरुषों के फ्रैक्चर होने की आशंका है।

