Breaking
Wed. Oct 21st, 2026

‘फ्रांस से लौटे CM भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे रोका, 50 हजार का जुर्माना लगाया’, AAP का दावा

  • आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पेरिस से लौटने पर पंजाब के सीएम भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोके रखा गया और उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फ्रांस दौरे से लौटते ही बवाल मच गया। दरअसल, आम आदमी पार्टी (AAP) ने दावा किया कि फ्रांस से लौटते समय भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब तीन घंटे तक रोके रखा और 50 हजार रुपये का चालान किया गया। इसे लेकर AAP नेता सौरभ भारद्वाज और बलतेज पन्नू ने इसे लेकर केंद्र पर निशाना साधा।

केंद्र का ये अहंकार अब खत्म होना चाहिए- AAP

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”सीएम मान को हवाई अड्डे पर करीब 3 घंटे तक रोका गया। पंजाब के मुख्यमंत्री अपने राज्य के प्रोडक्ट्स को लॉन्च करने पेरिस गए थे और ये सब उन्होंने केंद्र सरकार के NOC न दिए जाने की चुनौती के बाद किया था।” आप नेता ने कहा कि केंद्र का ये अहंकार अब खत्म होना चाहिए। दशहरा पर तो रावण का अहंकार भी खत्म हो गया था।

CM मान को किसने रोका?

पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस घटना को केंद्र सरकार द्वारा मान की विदेश यात्राओं को “बार-बार” अनुमति न देने, पंजाब के फंड को रोके रखने और किसानों के विरोध प्रदर्शन से निपटने के तरीके से जोड़ा। उन्होंने केंद्र पर पंजाब की प्रगति के रास्ते में “रुकावटें” पैदा करने का आरोप लगाया। पन्नू ने दावा किया कि सीएम मान दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खाद्य महोत्सव में पंजाब के प्रसिद्ध उत्पादों को पेश करने गए थे। हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि मान को उचित प्रोटोकॉल दिया जाए, लेकिन केंद्र की मंशा इतनी खराब है कि पेरिस में महावाणिज्य दूत भी सीएम से मिलने नहीं आए।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के प्रति केंद्र की “नाराजगी और अपमानजनक व्यवहार” यहीं नहीं रुका। पन्नू ने कहा, “जब मान पेरिस से लौटे और दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे, तो उन्हें जानबूझकर 3 घंटे तक रोका गया। बहाने बनाए गए कि ‘आपका सामान अभी आ रहा है’ और ‘आपके सामान की जांच की जा रही है।’ ये बातें सरासर झूठी और पंजाब का अपमान थीं।” 

‘अधिकारियों ने खुद स्वीकार किया वे दबाव में थे’

उन्होंने दावा किया, “तीन घंटे बाद जब मान को जाने दिया गया और वह अपना सामान गाड़ी में रखकर रवाना होने वाले थे, तभी अधिकारी दौड़ते हुए उनके पास आए और कहा कि उन पर ‘ऊपर से भारी दबाव’ था।” पन्नू ने आरोप लगाया, “इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। अधिकारियों ने खुद स्वीकार किया कि वे दबाव में थे। इससे साबित होता है कि पूरी घटना ऊपर से मिले आदेशों के तहत अंजाम दी गई।”

‘आप’ नेता ने कहा, ”क्या किसी भारतीय राज्य के मुख्यमंत्री को कभी इस तरह एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोका गया है? क्या किसी राज्य के मुख्यमंत्री का 50 हजार रुपये का चालान काटकर कभी इस तरह अपमान किया गया है? ऐसा सिर्फ इसलिए हो रहा है, क्योंकि मान पंजाबी हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और पंजाब की बेहतरी के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *