- रेलवे ने सर्दियों में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए रायबरेली में नया सुरक्षा प्लान लागू किया है
रायबरेली: सर्दी के मौसम में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को लेकर रेलवे ने सतर्कता बढ़ाने की तैयारी की है। रायबरेली स्टेशन होकर संचालित होने वाली 35 जोड़ी ट्रेनों के इंजनों की लाइट अब ठंड और कोहरे के दौरान बंद नहीं होगी। इसके साथ ही लोको पायलटों की गतिविधियों पर भी जीपीएस सिस्टम के माध्यम से नजर रखी जाएगी। ट्रेन संचालन के दौरान लोको पायलट निजी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
रेलवे की इस व्यवस्था के तहत लोको पायलटों को जीपीएस सिस्टम उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से ट्रेन संचालन के दौरान उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। यदि कोई लोको पायलट ड्यूटी के दौरान निजी मोबाइल फोन का प्रयोग करता है तो इसकी सूचना जीपीएस सिस्टम के जरिए कंट्रोल कार्यालय तक पहुंच जाएगी।
सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मामले की जांच कराएंगे। इसके लिए जांच टीम गठित की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोको पायलट के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिसका उद्देश्य ट्रेन संचालन के दौरान लोको पायलटों का ध्यान भटकने से रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ठंड और कोहरे के मौसम में रेलवे का ये कदम बेहद अहम
कई बार मोबाइल फोन पर बातचीत या अन्य गतिविधियों के कारण चालक का ध्यान संचालन से हट सकता है। ऐसे में यह व्यवस्था लापरवाही पर अंकुश लगाने में मददगार होगी। चीफ क्रू कंट्रोलर गंभीर सिंह ने बताया कि ड्यूटी के दौरान यदि किसी लोको पायलट के परिवार को जरूरी बात करनी हो तो इसके लिए भी व्यवस्था की गई है।
ऐसी स्थिति में लोको पायलट के परिवारजन निकटतम लोको लॉबी के अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे। अधिकारी संबंधित लोको पायलट से आवश्यक बातचीत कराएंगे। इससे आपात स्थिति में संपर्क भी बना रहेगा और ट्रेन संचालन की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी। ठंड और कोहरे के मौसम में रेलवे का यह कदम सुरक्षित रेल संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

