- यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में यूपी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने अपनी पार्टी के लिए 20 सीटों को अच्छा बताया है
लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हालांकि अभी तारीखों की घोषणा नहीं हुई है और न ही कोई आधिकारिक बयान इस पर आया है। फिर भी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। इस बीच यूपी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी के लिए 20 सीटों को अच्छा बताया है।
राजभर ने क्या कहा?
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “हमारा लक्ष्य कम से कम 13 सीटें जीतकर एक मान्यता प्राप्त पार्टी बनना है। अगर हमें 20 सीटें मिल जाती हैं, तो यह हमारे लिए अच्छा रहेगा।”
राजभर ने कहा, “संजय निषाद के साथ सब कुछ ठीक है। वे बीजेपी के साथ ही रहेंगे और कहीं नहीं जाएंगे, क्योंकि उन्हें पता है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली है।”
सीएम योगी की जमकर तारीफ
ओम प्रकाश ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की। राजभर ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी जितने मेहनती मुख्यमंत्री नहीं देखे हैं, जो कड़े फैसले लेते हैं और हर चुनौती को स्वीकार करते हैं।”
विपक्षी खेमे में भी सीट बंटवारे को लेकर चर्चा
बता दें कि यूपी चुनाव को लेकर विपक्षी खेमे में भी टिकट बंटवारे की जद्दोजहद तेज हो गई है। सोमवार को ही कांग्रेस ने 181 सीटों की लिस्ट सपा के पास भेजी थी। यानी कांग्रेस, सपा के साथ मिलकर यूपी विधानसभा चुनाव तो लड़ना चाहती है लेकिन वह 181 सीटें मांग रही है। जबकि अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह ही कह दिया था कि जिसकी, जिस सीट से जीतने की संभावना होगी, उसे टिकट दिया जाएगा। यानी अभी सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच सहमति नहीं बन पाई है।
पहले खबर आई थी कि आज कांग्रेस की समाजवादी पार्टी के साथ बैठक होगी, जिसमें सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हो सकती है लेकिन आज सुबह ही ये खबर सामने आई कि आज कांग्रेस की सपा के साथ बैठक नहीं होगी। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि यूपी चुनाव लड़ने के लिए किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं।

