नई दिल्ली : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पहला चरण कांग्रेस और राहुल गांधी दोनों के लिए सफल रहा। यात्रा जब शुरू हुई थी तब बीजेपी के नेता बोलते थे कि यह यात्रा कभी पूरी हो ही नहीं सकती, राहुल सिरियस नेता नहीं हैं। लेकिन बीजेपी के तमाम दावों को गलत साबित करते हुए राहुल ने इस यात्रा को पूरा किया और अब खबर है कि इसका दूसरा चरण भी जल्द शुरू होगा। इस बार राहुल गांधी और पार्टी की नजरें आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों पर होंगी। गुजरात कांग्रेस ने महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दूसरे चरण का उद्घाटन करने के लिए राहुल गांधी को आमंत्रित करने का फैसला किया है।
पहले चरण की अपार सफलता के आधार पर, इस यात्रा के दूसरे चरण में पूर्व से पश्चिम तक के राज्यों को कवर करते हुए लोगों से जुड़ने की तैयारी है। राज्य के महत्व पर जोर देते हुए गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता अमित चावड़ा ने बताया कि, ‘हमने राहुल गांधी को गुजरात से भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत करने का निमंत्रण दिया है, जो महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि है।’
गुजरात को चुनने का प्रतीकात्मक महत्व इस राजनीतिक पहल को महत्व देता है। गुजरात चुनाव 2022 के दौरान कई लोगों ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण को लेकर स्थानीय कांग्रेस के नेताओं से सवाल किया गया कि यात्रा यहां से गुजरेगी या नहीं। अब गुजरात कांग्रेस के लोग यहां की जनता के सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राज्य की आदिवासी बेल्ट में कांग्रेस की पकड़ कई दशकों से मजबूत थी। लेकिन, 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान इन क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के आने के कारण कांग्रेस को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। अब भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण के साथ कांग्रेस अपने पारंपरिक आदिवासी वोट बैंक से दोबारा जुड़ने की कोशिश कर रही है।

