Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

हरियाणा ने आतिथ्य सत्कार से जीता विदेशी मेहमानों का दिल

  • जी-20 के प्रतिनिधियों के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से किया गया शानदार कार्यक्रम का आयोजन
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी की शिरकत

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने कला-संस्कृति, खान-पान और आतिथ्य सत्कार से जी-20 बैठकों में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों का दिल जीत लिया। शुक्रवार रात को पिंजौर के ऐतिहासिक यादवेंद्र गार्डन में सरकार की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें विदेशी मेहमानों को हरियाणा व देश की संस्कृति से रूबरू कराया गया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे पी दलाल और विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। गार्डन में पहुंचे प्रतिनिधियों को भारत की अतिथि देवो भव: और वसुधैव कुटुंबकम् की परंपरा और समृद्ध कला संस्कृति से रूबरू कराने के लिए यह आयोजन किया गया है।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों व तिलक लगाकर किया मेहमानों का अभिनंदन

रात्रि के समय यादवेंद्र गार्डन रंग -बिरंगी रोशनी से सराबोर नज़र आया, जो माहौल को और खुशनुमा और खास बना रहा था। विदेशी मेहमानों के आगमन पर मुख्य गेट पर पारंपरिक परिधान पहने हरियाणवी कलाकार ढोल नगाड़े बजाकर उनका अभिनंदन कर रहे थे। इसके बाद, मेहमानों को तिलक लगाकर व पारंपरिक लोक गीत गाकर स्वागत किया गया।

प्रस्तुतियों से झूम उठे विदेशी मेहमान

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। प्रदेश में विभिन्न त्योहार व अन्य अवसरों जुड़े पारंपरिक लोक नृत्यों लूर, घूमर, धमाल, फाग, फाल्गुन आदि की प्रस्तुति देते हुए हरियाणवी लोक शैली का प्रभावी रूप से प्रदर्शन किया। इससे विदेशी मेहमानों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। विदेशी मेहमानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे पी दलाल, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *