Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

कारोबारी के घर लूट, पत्नी का मर्डर: मथुरा में पति को मरा समझकर छोड़ गए, हालत गंभीर; CCTV की डीवीआर भी ले गए

दैनिक उजाला, मथुरा : मथुरा में बड़ी वारदात हो गई। यहां भगवान के श्रृंगार का सामान बनवाने वाले कारोबारी कृष्ण मुरारी अग्रवाल उर्फ मुकुट वाले के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। शुक्रवार रात लूटपाट के इरादे से आए बदमाशों ने पत्नी कल्पना अग्रवाल की हत्या कर दी। बचाव करने पर कारोबारी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। फिर करोड़ों का सामान लेकर फरार हो गए।

वारदात के वक्त, कारोबारी घर में पत्नी के साथ थे। घटना रात करीब दो बजे की बताई गई है। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय सहित अनेक थाना क्षेत्रों की पुलिस पहुंच गई। मृतक महिला का नाम कल्पना उम्र करीब 55 साल और घायल बुजुर्ग कृष्ण अग्रवाल हैं, जिनकी उम्र 60 साल है। बुजुर्ग को उपचार के लिए सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि कृष्ण अग्रवाल और कल्पना अग्रवाल के बेटे विदेश रहते हैं।

इस घटना की जानकारी परिवार के ड्राइवर मोहसिन से हुई। उसने सुबह करीब नौ बजे इस घटना की जानकारी कृष्णा अग्रवाल के समाधी शंकर सेठ को फोन से दी थी। कृष्णा अग्रवाल श्रृंगार कारोबारी हैं। उनका शोरूम वृंदावन में श्रीबांके बिहारी मंदिर के निकट है।

रात में बदमाशों द्वारा लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। बदमाश अपने साथ सीसीटीवी की डीवीआर भी निकाल ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। स्वजन ने लूटपाट की आशंका जताई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *