दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में नेशनल मोटरसाइकिल रेसिंग चैंपियनशिप (MRF MMSC FMSCI Indian National Motorcycle Racing Championship) के तीसरे दिन शनिवार को बड़ा दुखद हादसा हो गया। इस दौरान बेंगलुरु के 13 वर्षीय कोप्पाराम श्रेयस हरीश की बाइक क्रैश हो गई। श्रेयस को हादसे में बेहद गंभीर चोटें लगी थीं, जिस कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इवेंट प्रमोटर मद्रास मोटर स्पोर्ट्स क्लब ने शनिवार-रविवार की बाकी रेस रद्द कर दीं।
बता दें कि श्रेयस का जन्म 26 जुलाई 2010 को बेंगलुरु में हुआ था। श्रेयस केन्सरी स्कूल का छात्र था, उसे एक प्रतिभाशाली उभरते सितारे के तौर पर देखा जा रहा था। उसने इस सीजन में पेट्रोनास टीवीएस वन-मेक चैंपियनशिप की रूकी कैटेगरी में भागेदारी करते हुए नेशनल लेवन पर लगातार 4 रेस के साथ कई रेस जीती थीं। चेन्नई रेसिंग इवेंट में उसकी मौत से फैंस में मायूसी छा गई है। 10 दिन पहले ही श्रेयस ने 13वां जन्मदिन मनाया था।
बताया जा रहा है कि श्रेयस ने सुबह पोल पोजीशन के लिए क्वालीफाई कर लिया था। टर्न-1 से बाहर निकलने के दौरान उसकी बाइक ट्रैक पर क्रैश हो गई और वह ट्रैक पर गिर गया। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद तुरंत रेस को रोककर श्रेयस को ट्रॉमा केयर एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

