Breaking
Wed. Apr 1st, 2026

बिहार में Smart Meter उपभोक्ताओं के लिए नई बिजली दरें लागू, दिन में सबसे कम आएगा बिल

जहानाबाद : जहानाबाद समेत पूरे बिहार में स्मार्ट मीटर से बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए अब टाइम ऑफ डे टैरिफ लागू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग समय में बिजली की दरें अलग-अलग होंगी, जिससे उपभोक्ता अपने उपयोग के समय में बदलाव कर बिजली बिल में बचत कर सकेंगे।

कार्यपालक अभियंता नंदलाल चौधरी ने बताया कि शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक को सबसे व्यस्त समय माना गया है। इस अवधि में 125 यूनिट से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दर सात रुपये 91 पैसे प्रति यूनिट निर्धारित की गई है।

हालांकि, सरकार द्वारा तीन रुपये 30 पैसे प्रति यूनिट का अनुदान दिया जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक रूप से चार रुपये 61 पैसे प्रति यूनिट भुगतान करना होगा। इस दौरान बिजली उपयोग करने पर करीब 66 पैसे प्रति यूनिट की बचत होगी।

रात 11 से सुबह 9 तक कितना आएगा बिल?

वहीं, रात 11 बजे से सुबह नौ बजे तक की अवधि को ऑफ-पीक माना गया है। इस समय बिजली की दर सात रुपये 12 पैसे प्रति यूनिट है, जिसमें तीन रुपये 30 पैसे के अनुदान के बाद उपभोक्ताओं को तीन रुपये 87 पैसे प्रति यूनिट भुगतान करना होगा। इस अवधि में करीब एक रुपये 40 पैसे प्रति यूनिट की बचत संभव है।

कब मिलेगी सस्ती बिजली?

सबसे सस्ती बिजली सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे के बीच मिलेगी। इस दौरान बिजली का मूल दर पांच रुपये 56 पैसे प्रति यूनिट है, जिस पर तीन रुपये 30 पैसे का अनुदान मिलने के बाद उपभोक्ताओं को मात्र दो रुपये 88 पैसे प्रति यूनिट भुगतान करना होगा। इस तरह इस अवधि में सबसे अधिक बचत संभव है।

नई व्यवस्था का उद्देश्य

नई व्यवस्था का उद्देश्य बिजली खपत को संतुलित करना और पीक आवर के दौरान लोड कम करना है। साथ ही उपभोक्ताओं को दिन के समय अधिक बिजली उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना भी है, ताकि बिजली व्यवस्था पर दबाव कम हो सके।

बिजली विभाग के अनुसार, यह नियम फिलहाल केवल स्मार्ट मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर लागू किया गया है और नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से प्रभावी हो गया है।

इससे पहले, उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट आठ रुपये 70 पैसे की दर से बिल मिलता था, जिसमें तीन रुपये 43 पैसे का अनुदान मिलने के बाद उन्हें पांच रुपये 27 पैसे प्रति यूनिट भुगतान करना पड़ता था।

अब नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को समय के अनुसार बिजली उपयोग करने पर अधिक बचत का लाभ मिल सकेगा। विभाग का कहना है कि यदि लोग समझदारी से बिजली का उपयोग करें, तो उनके मासिक बिल में स्पष्ट रूप से कमी लाई जा सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *