Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

JDU को झटका, केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ी, नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के एक दिन बाद ऐलान

  • जेडीयू के कद्दावर नेता रहे केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है और इस मामले से जुड़ा लेटर भी जारी कर दिया गया है

पटना: बिहार की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जेडीयू के कद्दावर नेता केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ दी है। नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के एक दिन बाद केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में सियासी गलियारों में ये चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि अब केसी त्यागी किसी पार्टी में जाएंगे या फिर खुद की पार्टी बनाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, केसी त्यागी अब यूपी की राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं। आने वाले दिनों में त्यागी किसी नए दल के साथ जुड़ेंगे।

केसी त्यागी के बारे में जानिए

केसी त्‍यागी का पूरा नाम किशन चंद त्‍यागी है। उनका जन्म यूपी के गाजियाबाद में हुआ था। उनका राजनीतिक जीवन काफी लंबा रहा है। साल 1970 के दशक से वह लगातार राजनीति में सक्रिय हैं। वह यूपी के हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से 1989 में लोकसभा सांसद बने थे। 

वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे और जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे। साल 2013 में वह राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। उन्हें जेडीयू का 3 बार राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया गया। साल 2024 में उन्होंने निजी कारणों से जेडीयू के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया था।

हालांकि अभी ये साफ नहीं हुआ है कि वो कौन सी वजह है, जिसने केसी त्यागी को जेडीयू छोड़ने का फैसला लेने के लिए मजबूर कर दिया।

बीते कुछ समय से चर्चा में है जेडीयू 

गौरतलब है कि बीते कुछ समय से जेडीयू में जो भी हो रहा है, वह सियासी गलियारों में काफी चर्चाओं में है। हालही में सीएम नीतीश कुमार ने ये ऐलान किया कि वह राज्यसभा जाएंगे। यानी उन्हें सीएम पद छोड़ना होगा। ऐसे में बिहार का सीएम कौन बनेगा, ये भी चर्चा का विषय है और नीतीश ने ये फैसला क्यों लिया, इसकी भी चर्चा हो रही है। 

जेडीयू से जुड़ा एक चर्चित मामला ये भी है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत को भी सक्रिय राजनीति में लाया गया है और उन्होंने जेडीयू ज्वाइन कर ली है। कहा जा रहा है कि निशांत को बिहार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इससे पहले निशांत राजनीति में सक्रिय नहीं थे। उन्हें भी अपने पिता नीतीश की तरह सादगीपूर्ण जीवन के लिए जाना जाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *