नई दिल्ली : भारतीय रेलवे अक्सर ये कहते है कि बिना टिकट यात्रा करना अपराध है। पकड़े जाने पर फाइन भी लगाती है, ये बात जानते हुए भी भाजपा नेता अपने सहयोगी के साथ ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। अब इसे सत्ता का नशा कह लीजिए या पैसे बचाने की जुगत की नेता जी ने टिकट ही नहीं लिया और जब TTE ने उन्हें बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा तो वह अपनी गलती मानने की जगह टीटी पर हावी होने लगे।
जानकारी के मुताबिक राणा प्रताप सिंह पूर्व में बीजेपी बक्सर के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। 11 अक्टूबर को वह जियारत एक्सप्रेस (12395) पटना से बक्सर की तरफ जा रही थी। इस दौरान वह भाजपा नेता राणा सिंह अपने सहयोगी के साथ बक्सर जाने के लिए ट्रेन के फर्स्ट AC कोच में बैठ गए।
ट्रेन ने जैसे ही बिहटा क्रॉस किया तो चेकिंग स्टाफ पंकज कुमार केबिन टिकट चेकिंग के लिए पहुंचे। उन्होंने राणा सिंह और उनके सहयोगी से टिकट मांगा। इस पर भाजपा नेता अपना और सहयोगी का टिकट नहीं दिखा पाए। इसको लेकर चेकिंग स्टाफ की भाजपा नेता से बहस होने लगी।
राणा सिंह टीटी पर पीएम मोदी के लिए गलत शब्दों के उपयोग किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, टीटी का कहना है कि राणा सिंह ने उनके साथ धक्का मुक्की की। राणा सिंह अपनी गलती मानने की जगह टीटी से कहते हैं कि किसी को बुला लाओ, मैं ट्रेन में ही बैठा हूं, नीचे नहीं उतरूंगा। इस मामले में बक्सर आरपीएफ से बात की गई तो आरपीएफ प्रभारी दीपक ने बताया कि जियारत एक्सप्रेस के चेकिंग स्टाफ की कॉल पर दो लोगो को बक्सर आरपीएफ लाया गया। दोनों का 4750 रुपए का चालान काटा गया है।

