Breaking
Mon. Feb 23rd, 2026

रेल किराया बढ़ाने की तैयारी, 1 जुलाई से लागू होगा: AC में 1000 किमी के सफर पर ₹20 ज्यादा लगेंगे

दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : रेल का सफर 1 जुलाई से महंगा हो सकता है। नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी क्लास के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी हो सकती है। इकोनॉमिक टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है।

सभी बदलाव 1 जुलाई से लागू होंगे। इस तारीख के बाद का टिकट बुक करने पर नई दरों से किराया चुकाना होगा। रेलवे ने आखिरी बार 2020 में यात्री किराया बढ़ाया था।

जानें कितना बढ़ेगा किराया

बता दें कि नॉन-एसी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में प्रति किलोमीटर 1 पैसे की बढ़ोतरी होगी। वहीं, एसी क्लास (जैसे AC 2-टियर, AC 3-टियर) में यात्रा करने वालों को प्रति किलोमीटर 2 पैसे अतिरिक्त चुकाने होंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि आप 1000 किलोमीटर की यात्रा करते हैं, तो नॉन-एसी में 10 रुपये और एसी में 20 रुपये अधिक किराया देना होगा। दूसरी ओर, सामान्य द्वितीय श्रेणी (सेकेंड क्लास) में 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए कोई बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन इससे अधिक दूरी पर प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त देना होगा।

दैनिक यात्रियों के लिए राहत

खास बात यह है कि शहरी (सबअर्बन) ट्रेनों और मासिक सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी। हालांकि किराए में यह बदलाव मामूली लग सकता है, लेकिन लंबी दूरी और लगातार यात्रा के मामले में यह बहुत ज़्यादा होता है। 

तत्काल टिकटों के नियमों में भी किया बदलाव

रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा, ताकि टिकट दलालों के बजाय वास्तविक यात्रियों को मिले। यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है।

OTP वेरिफिकेशन भी करना होगा

इसके अलावा 15 जुलाई 2025 से, बुकिंग के समय आधार से लिंक्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा, जिसे दर्ज करना अनिवार्य होगा। यह नियम ऑनलाइन बुकिंग, रेलवे काउंटर, और एजेंट्स के माध्यम से की जाने वाली बुकिंग पर लागू होगा।

इंडियन रेलवे ने टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला क्यों लिया?

सरकार ने 5 सालों से रेल टिकट की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया था। रेलवे के सामने बढ़ते खर्चे और मेंटेनेंस की लागत को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। हालांकि ये बढ़ोतरी बहुत मामूली है, ताकि आम यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े।

क्या सभी ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी होगी?

नहीं, सभी ट्रेनों पर ये बढ़ोतरी लागू नहीं होगी। सेकेंड क्लास में 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। यानी छोटी दूरी की यात्रा करने वाले ज्यादातर यात्रियों को पहले जैसा ही किराया देना होगा। 500 किलोमीटर से ज्यादा डिस्टेंस होने पर आधा पैसा प्रति किलोमीटर ज्यादा चुकाने होंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *