दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते शेयर बाजार में आज यानी 2 मार्च को गिरावट है। सेंसेक्स 1500 अंक (1.80%) से ज्यादा की गिरावट के साथ 79,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 450 अंकों (1.80%) की गिरावट है, ये 24,700 के स्तर पर है।
जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक उनके शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और इसे सोने-चांदी जैसी सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। इससे बाजार में गिरावट आती है।
कच्चा तेल 10% चढ़कर 79 डॉलर पर पहुंचा
कच्चे तेज की कीमतों में तेजी के चलते आज एनर्जी और ऑटो शेयरों में ज्यादा गिरावट है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 10% बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। जानकारों का मानना है कि अगर यह तनाव और बढ़ा, तो तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक सकती हैं।
इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है। दिल्ली में पेट्रोल ₹95 लीटर से बढ़कर ₹100 तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल ₹88 से बढ़कर ₹92 तक जा सकता है।
सोना 7 हजार रुपए बढ़ा, 1.66 लाख पर पहुंचा
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 7 हजार रुपए बढ़कर 1.66 लाख पहुंच गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, एक किलो चांदी 20 हजार रुपए बढ़कर 2.87 लाख रुपए पर पहुंच गई है।
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक सोना 1.90 लाख रुपए तक जा सकता है। चांदी 3.50 लाख तक पहुंच सकती है। युद्ध जैसे अनिश्चित माहौल में निवेशक सोने को सुरक्षित मानते हैं और इसमें पैसा लगाने लगते हैं। इससे इसकी डिमांड बढ़ती है और ये महंगे होने लगते हैं।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से पेंट और टायर कंपनियों के शेयर टूटे
कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल से पेंट बनाने वाली कंपनियों, टायर कंपनियों और ऑयल मार्केटिंग फर्मों के शेयरों में गिरावट आई है। इसने कंपनियों के लिए कच्चे माल की लागत, महंगाई और मार्जिन पर दबाव की चिंता बढ़ा दी है।
एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स, कंसाई नेरोलैक के शेयरों में करीब 3% की गिरावट है। वहीं इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के शेयरों में 5% तक की गिरावट है। टायर कंपनी सीएट और MRF के शेयर करीब 2% नीचे कारोबार कर रहे हैं।
राजपूताना स्टेनलेस का ₹255 करोड़ का IPO 9 मार्च को खुलेगा
राजपूताना स्टेनलेस का ₹255 करोड़ का आईपीओ 9 मार्च को खुलेगा, जिसके लिए कंपनी ने ₹116 से ₹122 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस इश्यू में नए शेयरों की बिक्री और ऑफर फॉर सेल दोनों शामिल हैं। आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने विस्तार और कर्ज चुकाने के लिए करेगी। स्टेनलेस स्टील उत्पाद बनाने वाली इस कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू में लगातार बढ़त और मुनाफे में सुधार दर्ज किया है।

