रायपुर : राजधानी रायपुर के राजेंद्रनगर थानाक्षेत्र के फल मंडी के पास स्थित अरोरा पेट्रोल पंप में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद पैसे मांगने से नाराज होकर तीन बदमाशों ने न केवल पंप को लूटने की कोशिश की बल्कि पंप कर्मी को चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक फरार है। शनिवार को गिरफ्तार बदमाशों को जुलूस निकालकर पुलिस टीम पेट्रोल पंप में पहुंची और कर्मचारियों से माफी मंगवाकर बदमाशों का उठक-बैठक कराया।
पुरानी बस्ती सीएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि पचपेढ़ी नाका देवी लक्ष्मी अस्पताल के पास रहने वाले गौरव कुमार सेन (21) पिछले एक महीने से फल मंडी के आगे अरोरा पेट्रोल पंप में कर्मचारी है। पंप में पेट्रोल-डीजल डालने के तीन पाइंट है।
शुक्रवार रात सवा एक बजे योगेश ध्रुव, पुनेंद्र साहू, गोविंद चक्रधारी और गौरव की ड्यूटी थी।इसी दौरान पल्सर बाइक सीजी 04 एचडब्ल्यू 9790 में सवार तीन युवक पेट्रोल डलवाने पहुंचे। गौरव ने दो सौ रूपये का पेट्रोल टंकी में डाला। पैसा मांगने पर युवकों ने कहा कि काहे का पैसा देंगे, तुम हम लोगों को नहीं जानते कहकर उल्टा पैसा की मांग करने लगे।
इस दौरान युवकों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वहां अन्य पंप कर्मी भी आ गए। जान से मारने की धमकी एक युवक ने चाकू से गौरव के पीठ पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी पंप संचालक सोनू को देने के बाद घायल गौरव अन्य पंपकर्मियों के साथ थाने में शिकायत करने पहुंचा। पुलिस ने मामले में अपराध कायम कर बाइक नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की।कुछ देर के भीतर वीर कुलहरिया और हरीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि नोहर दिवरा फरार है।

