Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

छत्तीसगढ़ के बीजीपुर में नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजीपुर में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, उसूर थाना क्षेत्र के नेलाकांकेर गांव में नक्सलियों ने धारदार हथियार से दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेलाकांकेर गांव निवासी रवि कट्टम (25) और तिरुपति सोढी (38) की नक्सलियों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि नक्सलियों के एक दल ने शुक्रवार रात नेलाकांकेर निवासी कट्टम और सोढी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग के अलग-अलग स्थानों पर नक्सली ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं।

बीजेपी कार्यकर्ता की भी हुई थी हत्या

इससे पहले जिले में 14 अक्टूबर को नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इलमिड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजालकांकेर गांव में नक्सलियों ने सत्यम पुनेम की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुनेम क्षेत्र में भाजपा के मंडल कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहा था। उन्होंने बताया कि शव के करीब से पर्चा भी बरामद किया गया है। पुनेम की हत्या की जिम्मेदारी कथित तौर पर नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली है। पर्चे में पुनेम के मुखबिर होने का आरोप लगाया गया है, वहीं उसे बार—बार समझाइश देने का भी उल्लेख किया गया है।

इस घटना के साथ बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग के अलग-अलग स्थानों पर इस साल अब तक माओवादी हिंसा में लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है। जनवरी 2023 से दिसंबर 2024 के बीच संभाग में अलग-अलग घटनाओं में 11 भाजपा नेताओं की हत्या कर दी गई। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *