दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : ICC की बुधवार को जारी हुई टी-20 वीकली रैंकिंग में बैटर, बॉलर और ऑलराउंडर तीनों कैटेगरी में ही भारतीय खिलाड़ी टॉप पर हैं। यहां तक कि टी-20 टीम रैंकिंग में भी भारतीय टीम टॉप पर है। ऐसा पहली बार हुआ है कि एक ही टीम और उसके खिलाड़ियों ने किसी एक फॉर्मेट की सभी चार कैटेगरी में नंबर-1 स्थान हासिल किया है।
पहली बार वरुण चक्रवर्ती टॉप बॉलर बने हैं। वरुण टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 बॉलर बनने वाले तीसरे भारतीय प्लेयर हैं। उनसे पहले जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
बैटर अभिषेक शर्मा अपने करियर की हाईएस्ट रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं। वहीं, ऑलराउंडर्स में हार्दिक पंड्या टॉप पर हैं।

वरुण चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को पीछे छोड़ा।
वरुण चक्रवर्ती का एशिया कप में शानदार प्रदर्शन जारी
34 साल के इस स्पिनर का एशिया कप में भी अच्छा प्रदर्शन जारी है। उन्होंने UAE के खिलाफ दो ओवर में सिर्फ 4 रन देकर 1 विकेट और पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर में 24 रन देकर 1 झटका था। उन्होंने रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाई हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को पीछे छोड़ा।
अभिषेक शर्मा टॉप पर बरकरार
बैटिंग में अभिषेक शर्मा टॉप पर बरकरार हैं। उन्होंने 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 31 रनों की पारी खेली थी। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट दूसरे और जोस बटलर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। जबकि साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस दो स्थान के फायदे के साथ 11वें स्थान पर और एडेन मार्करम 10 स्थान के फायदे से 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पंड्या पहले नंबर पर
भारतीय स्टार हार्दिक पंड्या टी-20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं। जबकि पाकिस्तान के सईम अयूब चार स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर और अभिषेक चार स्थान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
श्रीलंका के नुवान थुषारा ने लगाई लंबी छलांग
दूसरे स्थान पर 717 रेटिंग अंक के साथ न्यूजीलैंड के जैकब डफी हैं। उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। वहीं 707 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर वेस्ट इंडीज के अकीला हुसैन हैं। वरुण के अलावा श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान थुषारा ने भारी छलांग लगाई है। थुषारा छह स्थान की छलांग लगाकर 677 रेटिंग अंक के साथ छठे स्थान पर आ गए हैं।
वरुण के अलावा सिर्फ रवि बिशनोई टॉप 10 में
चौथे नंबर पर 700 रेटिंग अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा हैं। जंपा को भी एक स्थान का फाइदा हुआ है। इंग्लैंड के स्पिनर आदिल राशिद तीन स्थान नीचे खिसक कर 5वें नंबर पर हैं। उनके 696 रेटिंग अंक हैं। लिस्ट में आखिरी नंबर यानी 10वें नंबर पर अफगानिस्तान के करिश्माई स्पिनर राशिद खान हैं। राशिद के 657 रेटिंग अंक हैं। भारत के एक और गेंदबाज रवि बिशनोई टॉप 10 में मौजूद हैं। बिशनोई 661 रेटिंग अंक के साथ 9वें स्थान पर हैं।
कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को भी हुआ फायदा
पाकिस्तान के सफियांन मुकीम ने चार स्थान की बढ़त बनाकर 656 रेटिंग अंक के साथ 11वां स्थान हासिल किया है, जबकि अबरार अहमद ने 11 स्थान ऊपर उठकर करियर का सर्वश्रेष्ठ 16वां स्थान हासिल किया। उनके 634 रेटिंग अंक हैं। भारत की तरफ से अक्षर पटेल एक स्थान ऊपर उठकर 655 रेटिंग अंक के साथ 12वें पायदान पर पहुंच गए, वहीं कुलदीप यादव ने पूरे 16 पायदान की छलांग लगाकर 604 रेटिंग अंक के साथ 23वां स्थान हासिल कर लिया है। अफगानिस्तान के नूर अहमद ने भी आठ स्थान की प्रगति करते हुए 599 रेटिंग अंक के साथ 25वें स्थान पर जगह बनाई है।

