दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुक़ाबला खेला जा रहा है। विशाखापत्तनम के डॉ वाई एस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा है।
लंच के बाद जयसवाल ने तेजी से रन बनाने शुरू किए और 151वीं गेंद पर अपना शतक पूरा कर लिया। उन्होंने टॉम हार्टले की गेंद पर बेहतरीन सिक्स लगाते हुए शतक बनाया। अपनी इस बेहतरीन पारी में जयसवाल अबतक तीन सिक्स और 11 चौके लगा चुके हैं। यह जयसवाल का अपने टेस्ट करियर के मात्र छठे मैच में दूसरा शतक है। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए रनों की साझेदारी कर ली है।
इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल के जल्द आउट होने के बाद जयसवाल ने समझदारी से बल्लेबाजी की और पारी को संभाला। लंच तक भारत ने दो विकेट पर 103 रन बना लिये थे। जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 89 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया था।
हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में भी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की थी। पहले टेस्ट की पहली पारी में जायसवाल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 74 गेंद पर 80 रन की पारी खेली थी। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 15 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल ने बेहद कम ही समय में अपने आप को भारतीय टीम का मजबूत हिस्सा बना लिया है। जायसवाल भारत के लिए टी-20 और टेस्ट क्रिकेट में लगातार खेल रहे हैं।

