Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

Anantnag Encounter: सेना का एक और जवान शहीद, तीन दिन में चार शहादत

नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में चल रही मुठभेड़ स्थल से एक दु:खद खबर आ रही है। तीन दिन से चल रही आतंकी मुठभेड़ में देर रात और जवान शहीद हो गया। यह जवान गुरुवार को घायल हो गया था। इसके साथ ही इस आपरेशन में चार शहीद हो गए हैं और करीब पांच सैन्यकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। इस मुठभेड़ में स्थानीय आतंकी उजैर खान समेत दो पाकिस्तानी आतंकी शामिल बताए जा रहे हैं। उजैर खान अनंतनाग का अंतिम सक्रिय आतंकी है।

गौरतलब है कि बुधवार को इस मुठभेड़ में राष्ट्रीय राइफल 19 के कमांडिंग आफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, बटालियन कमांडिंग मेजर आशीष धोनैक और जम्मू-कश्मीर पुलिस के DSP हुमायूं भट शहीद हो गए थे। अनंतनाग मुठभेड़ में शहीद मेजर और कर्नल का शव आज दोपहर उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह पंजाब के मोहाली जिले में स्थित भड़ौंजिया गांव के रहने वाले हैं। मेजर आशीष धोनैक का परिवार पानीपत के सेक्टर 7 में रहता है, उनका पैतृक गांव बिंझोल है।

भारतीय सेना ने पूरे इलाके को घेर रखा है। आतंकियों को मार गिराने का अभियान तेज कर दिया गया है। चार किलोमीटर के इलाके को पूरी तरह से सीज कर दिया गया है। इस आपरेशन में 500 से अधिक सैन्यकर्मी लगाए गए हैं। अनंतनाग में चल रही मुठभेड़ में तीन आतंकियों के शामिल होने की आंशका है। एक आतंकी उजैर खान यहां का स्थानीय आतंकी है जब कि दो आतंकी पाकिस्तानी बताए जा रहे हैं। भारतीय सेना से मिल रही जानकारी के अनुसार आतंकी अभी एक करीब 700 मीटर की उंचाई वाली पहाड़ी पर बैठे हुए हैं। यहीं से फायरिंग कर रहे हैं।

DSP हुमायूं ने गोली लगते ही पत्नी को किया वीडियो कॉल- शायद न बचूं, बेटे का ख्याल रखना

रूह कंपा देनी वाली ये चंद लाइनें ही DSP हुमायूं भट के आखिरी शब्द थे। जब वे अनंतनाग के गडूल कोकेरनाग में बुधवार सुबह आतंकियों की गोली से घायल हुए, ठीक उसी वक्त उन्होंने पत्नी फातिमा को वीडियो कॉल कर अपने हालात बयां किए। कहा- ‘मुझे गोली लगी है, नहीं लगता कि मैं बच पाऊंगा। हमारे बेटे का ख्याल रखना।’

हुमायूं शहीद हो चुके हैं। उन्हें पेट में गोली लगी थी। उनकी सास सैय्यद नुसरत ने भास्कर को बताया कि हुमांयू जहां घायल पड़े थे, वो लोकेशन ट्रेस करने में हेलिकॉप्टर को देर लग गई। उन्हें घटनास्थल से जैसे-तैसे लाकर सीधे श्रीनगर के सेना अस्पताल लाया गया, यहां फातिमा और 29 दिन के बेटे को देखने के बाद हुमायूं ने दम तोड़ दिया। 27 सितंबर को हुमायूं-फातिमा की शादी का एक साल पूरा होने वाला था। फातिमा तो सदमे में हैं। उनके पिता भी जम्मू-कश्मीर पुलिस में IG रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *