Breaking
Thu. Apr 2nd, 2026

‘रामायण’ का शंखनाद, भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की पहली झलक ने मचाया तहलका, फर्श से अर्श तक गूंजा जय श्री राम

  • नमित मल्होत्रा ​​की एपिक फिल्म ‘रामायण पार्ट वन’ से ‘राम की झलक’ आज यानी गुरुवार 2 अप्रैल को दर्शकों के साथ साझा कर दी गई है, हनुमान जयंती के खास मौके पर इसे रिलीज किया गया है

दैनिक उजाला, मनोरंजन डेस्क : भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे भव्य फिल्म मानी जा रही ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘अवतार’ जैसी कमाल की फिल्मों से कंपेयर किया जा रहा है। नमित मल्होत्रा के महत्वाकांक्षी विजन के साथ इस महाकाव्य को दो भागों में रिलीज किया जाएगा, जिसका अनुमानित बजट ₹ 4000 करोड़ बताया जा रहा है। आज इस फिल्म से भगवान राम की पहली झलक रिलीज कर दी गई है। सामने आए टीजर में ग्रैंड फिल्म की छोटी झलक देखने को मिल रही है और फैंस इसे देखने के बाद और उत्साहित और बेकरार हो गए हैं।

पहली झलक आई सामने

सामने आई राम की पहली झलक में रणबीर कपूर पूरी तरह से राम के रूप में रमे न नजर आ रहे हैं। इस झलक में उनकी ताज पोशी से लेकर उनके वनवास जाने की झलकियां, जंगल में उनका संघर्ष , सीता हरण, रावण की झलक देखने को मिल रही है। रणबीर का लुक जहां पूरी तरह साफ नजर आया है, वहीं साई पल्लवी और यश की झलकियों ने फैंस के लिए बेकरारी को और बढ़ा दिया है। टीजर में इस्तेमाल एनिमेशन और वीएफएक्स कमाल के हैं। ये पहली झलक जाहिर कर रही है कि फिल्म काफी भव्य होगी। 

मेकर्स का संदेश

फिल्म के प्रोड्यूसर ने इस झलक को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘राम अब तक के सबसे महान व्यक्ति हैं, क्योंकि उन्होंने ऐसा जीवन जिया जिसमें उनके द्वारा लिए गए निर्णय सदैव व्यापक भलाई के हित में थे—जहाँ उन्होंने अपनी इच्छाओं पर अपने कर्तव्य को और अपने स्वार्थ पर त्याग को प्राथमिकता दी। उनकी विरासत समय के साथ मानवता को और अधिक समृद्ध तथा सशक्त बनाती जा रही है; साथ ही, यह मानवीय चेतना की अच्छाई में उस विश्वास को भी सुदृढ़ करती है, जिसके बल पर सभी प्रकार के संघर्षों का समाधान किया जा सकता है और विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है।’

शानदार स्टार कास्ट और दिग्गज संगीतकार

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी प्रभावशाली स्टार कास्ट है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साईं पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार को जीवंत करेंगे। संगीत के मोर्चे पर भी यह फिल्म एक बड़ा धमाका करने वाली है। ऑस्कर विजेता एआर रहमान इस प्रोजेक्ट के लिए दिग्गज संगीतकार हंस ज़िमर के साथ हाथ मिला रहे हैं, जो इस फिल्म के जरिए हिंदी सिनेमा में अपना डेब्यू करेंगे।

गोपनीयता और टीजर की पहली झलक

पिछले साल फर्स्ट लुक सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा है, हालांकि निर्माताओं ने अब तक किरदारों के आधिकारिक लुक्स को पूरी तरह गुप्त रखा है। हालांकि सेट से रणबीर कपूर के कुछ फोटो लीक हुए थे, लेकिन मेकर्स ने उन पर चुप्पी साधे रखी। हाल ही में लॉस एंजिल्स में चुनिंदा दर्शकों के बीच फिल्म का टीजर दिखाया गया, जिसमें रणबीर कपूर, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा उपस्थित थे। 

रिलीज की तारीख और भविष्य की उम्मीदें

‘आदिपुरुष’ के फ्लॉप होने के बाद यह इस दशक का रामायण पर आधारित दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिससे उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। नमित मल्होत्रा ने इस फिल्म के स्केल की तुलना ‘ग्लैडिएटर’ जैसी फिल्मों से की है। फिल्म का पहला भाग अक्टूबर 2026 में दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि इसका दूसरा भाग अक्टूबर 2027 में रिलीज होने के लिए निर्धारित है। यह फिल्म न केवल भारतीय पौराणिक कथाओं को पेश करने का नया तरीका होगी, बल्कि तकनीकी स्तर पर भी भारतीय सिनेमा के लिए एक नया मानदंड स्थापित कर सकती है। इसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *