Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

एक जनवरी से अब तक 1.20 करोड़ से अधिक भक्तों ने किए भगवान महाकाल के दर्शन

उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में श्रीमहाकाल महालोक के निर्माण के पश्चात् दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थिंयो की संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है। श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रातः 6 बजे से पूर्व ही श्री भगवान के दर्शन हेतु दर्शनार्थी कतारबद्ध हो जाते हैं। इस साल एक जनवरी से लेकर 10 फरवरी तक लगभग 01 करोड़ 20 लाख से अधिक दर्शनार्थियों ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन का लाभ उठाया।

यह जानकारी महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने दी। उन्होंने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर में सामान्य रूप से भी प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख से 02 लाख दर्शनार्थियों द्वारा महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये जाते हैं। विशेष पर्व के दिनों व अवकाश के दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा निरंतर बढ़ता जा रहा है। जैसे 31 दिसम्बर 2023 व 01 जनवरी 2024 को श्री महाकालेश्वर भगवान की चलित भस्म आरती में लगभग 45 हजार व प्रातः 06 बजे से रात्रि शयन आरती तक लगभग 8 लाख 10 हजार श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये। 15 जनवरी 2024 मकर संक्रान्ति के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी भक्तगण श्री महाकालेश्वर के दर्शन हेतु आए।

17 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 तक उत्तर प्रदेश, अयोध्या की पावन धरा पर श्री रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध सामिति द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। श्री महाकालेश्वर मंदिर में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई थी। इस दौरान भी लगभग 05 लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये गये तथा मंदिर परिसर में सायंकाल रामलला की महाआरती आकर्षक एवं भव्य आतिशबाजी व श्री राम भगवान की आरती के दौरान सभी भक्तो पर पुष्प वर्षा की गई। जिससे श्री महाकालेश्वर मंदिर का वातावरण शिवमय के साथ राममय हो गया।

इसी प्रकार 26,27 व 28 जनवरी 2024 को लगभग 10 लाख 45 हजार श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा कम समय में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन हों इस हेतु चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन एवं अन्य जानकारी एवं शिकायत के लिये मंदिर प्रबंध समिति की वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.com के साथ टोल फ्री नम्बर 18002331008 से सम्पर्क कर सकते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *