Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

महंगे टमाटर से मिलेगी आजादी, 50 रुपये किलो के हिसाब से बेचेगी सरकार

New Delhi: A woman purchases tomato from a vendor in New Delhi, Tuesday, June 27, 2023. Tomato prices have soared across India with retail price crossing Rs 100/kg in many parts of Delhi. (PTI Photo/Manvender Vashist Lav) (PTI06_27_2023_000023A)

नई दिल्ली : थोक बाज़ार में कीमतों में गिरावट के मद्देनजर केंद्र ने सोमवार को सहकारी समितियों-एनसीसीएफ और नैफेड को मंगलवार से 50 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर टमाटर की बिक्री करने का निर्देश दिया है। जुलाई के महीने से एनसीसीएफ और नैफेड दोनों टमाटर की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और कीमत में आई तेजी को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रही हैं।

शुरुआत में मंत्रालय ने दोनों सहकारी समितियों को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर टमाटर बेचने के लिए कहा था और बाद में इसकी कीमत घटाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी थी। बाद में इसे और घटाकर 70 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया।

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘ताजा कटौती के बाद अब उपभोक्ताओं को 50 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर टमाटर मिलेगा।” अबतक दोनों सहकारी समितियों द्वारा कुल 15 लाख किलोग्राम टमाटर की खरीद की जा चुकी है, जिसे देश के प्रमुख उपभोग केंद्रों में खुदरा उपभोक्ताओं को बेचा जा रहा है। इन स्थानों में दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान (जयपुर, कोटा), उत्तर प्रदेश (लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज) और बिहार (पटना, मुजफ्फरपुर, आरा, बक्सर) शामिल हैं।

पिछले कुछ दिनों में, भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) ने पूरी दिल्ली में 70 स्थानों और नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 स्थानों पर अपनी मोबाइल वैन तैनात करके खुदरा उपभोक्ताओं को टमाटर की आपूर्ति में काफी वृद्धि की है। इसके अलावा एनसीसीएफ ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) मंच के माध्यम से टमाटर की खुदरा बिक्री कर रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *