दैनिक उजाला, ग्रेटर नोएडा : जीएलए विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा परिसर में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। प्रतिकुलपति प्रो. दिवाकर भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्रतिकुलपति ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को नमन किया। उन्होंने देश से जुड़ी आर्थिक एवं सुरक्षा चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए तकनीकी और प्रबंधन के विद्यार्थियों व शिक्षकों से राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। यहां के अध्ययनरत छात्र और अल्यूमिनाई आईटी, इंजीनियरिंग और विज्ञान जैसे क्षेत्रों की शीर्ष कंपनियों में कार्यरत हैं। विशेष उपलब्धि के रूप में इस परिसर के दो छात्रों का चयन आईआईटी गांधीनगर में अगले सेमेस्टर की पढ़ाई के लिए हुआ है, जहां वे शोध और नवाचार का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में 18 अगस्त से नया सत्र प्रारंभ होगा, जिसमें पांच दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के तहत उद्योग जगत के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। मथुरा परिसर में यह कार्यक्रम 18 अगस्त को और ग्रेटर नोएडा परिसर में 19 अगस्त से प्रारंभ होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और नाट्य प्रस्तुति दीं। विशेष आकर्षण श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटक रहा, जिसने बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी के मन में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया तथा स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में डीन मैनेजमेंट प्रो. संजय रस्तोगी, सीडीओई निदेशक प्रो. सुरेश जोशी सहित अन्य संकाय सदस्य और स्टाफ भी मौजूद रहे।
अंत में छात्र समन्वयकों ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी को मिठाई वितरित की गई। विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और एकता एवं देशभक्ति का सशक्त संदेश दिया।

