Breaking
Wed. Feb 18th, 2026

आईआईटी जोधपुर के ‘प्रोमेटियो’26 में जीएलए ग्रेटर नोएडा का परचम

  • आईआईटी जोधपुर के प्रोमेटियो’26 में जीएलए ग्रेटर नोएडा का परचम, यथार्थ छाबड़ा ने जीता प्रथम स्थान

दैनिक उजाला, ग्रेटर नोएडा : जीएलए विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के प्रथम वर्ष के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र यथार्थ छाबड़ा ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर के वार्षिक टेकफेस्ट ‘प्रोमेटियो’26’ के अंतर्गत आयोजित प्रतिष्ठित बिजनेस केस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। 36 घंटे तक चली इस चुनौतीपूर्ण प्रतिस्पर्धा में यथार्थ छाबड़ा ने नकद पुरस्कार भी प्राप्त किया।

यथार्थ छाबड़ा

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को एक वास्तविक व्यावसायिक समस्या दी गई, जिसके समाधान हेतु सीमित समय में व्यापक व्यवसाय मॉडल, रणनीतिक दृष्टिकोण और कार्यान्वयन योजना तैयार करनी थी। यथार्थ छाबड़ा ने स्मार्ट फोन की गुणवत्ता और अधिक गर्म होने (हीटिंग) की समस्या को केंद्र में रखते हुए एक अभिनव और व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किया। उनके विचार में स्मार्ट फोन की परफॉर्मेंस, ताप नियंत्रण तकनीक और दीर्घकालिक गुणवत्ता सुधार को व्यावसायिक दृष्टि से जोड़ते हुए एक सशक्त मॉडल तैयार किया गया।

निर्णायक मंडल ने नवाचार, व्यवहार्यता, संभावित प्रभाव और प्रस्तुति कौशल जैसे मानदंडों पर टीम के समाधान को सर्वश्रेष्ठ पाया। 7-8 मिनट की प्रभावशाली प्रस्तुति के दौरान यथार्थ छाबड़ा ने अपने विचार की तकनीकी मजबूती तथा बाजार में उसकी उपयोगिता को स्पष्ट रूप से रखा। स्मार्ट फोन की गुणवत्ता और हीटिंग समस्या से जुड़े उनके समाधान को निर्णायकों ने विशेष रूप से सराहा और प्रथम स्थान के लिए चयनित किया।

प्रमुख तकनीकी एवं सांस्कृतिक उत्सव

‘प्रोमेटियो’26 आईआईटी जोधपुर का प्रमुख तकनीकी एवं सांस्कृतिक उत्सव है, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र भाग लेते हैं। बिजनेस केस प्रतियोगिता इस उत्सव की सबसे प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है।

प्रो-वाइस चांसलर डॉ. दिवाकर भारद्वाज ने यथार्थ छाबड़ा की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता जीएलए ग्रेटर नोएडा में विकसित हो रही नवाचार और उत्कृष्टता की संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रथम वर्ष में ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय है।

इस प्रकार यथार्थ छाबड़ा की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि जीएलए ग्रेटर नोएडा के शैक्षणिक वातावरण और प्रतिभा संवर्धन की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *