Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

सूरत के जरी कारखाने में रखे गैस सिलेंडर में भीषण ब्लास्ट, आग में जिंदा जले 2 लोग; 9 घायल

  • सूरत के जरी कारखाने में रखे गैस सिलेंडरों में धमाका हो गया है, इसकी चपेट में आकर 2 मजदूरों की मौत हो गई है

​सूरत : गुजरात में ​सूरत के वराछा इलाके से एक भयानक घटना सामने आई है। भरत नगर गौशाला क्षेत्र में स्थित एक जरी के कारखाने में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। ​मिली जानकारी के अनुसार, आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित जरी के कारखाने में लगी थी। आग इतनी भयानक थी कि कारखाने के अंदर रखे LPG गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक ब्लास्ट होने लगे। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

टीन शेड काटकर बाहर निकाले गए मजदूर

बता दें कि ​कारखाने की छत पर टीन का शेड बनाकर कारीगर वहां रह रहे थे और काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को टीन शेड काटकर अंदर से बाहर निकालने का काम शुरू किया। कुल 11 लोगों को रेस्क्यू कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोगों का इलाज चल रहा है।

आग वाली जगह से 8 गैस सिलेंडर बरामद

​घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और दमकल विभाग को कारखाने से लगभग 8 गैस सिलेंडर मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। रिहायशी या औद्योगिक इकाई में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

जरी के कारखाने में इतने सिलेंडर क्यों?

पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से गैस का संकट न बढ़े इसलिए कड़े कदम भी उठाए जा रहे हैं। सूरत में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शहर के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। 13 दुकानदारों को अवैध रूप से रिफिलिंग करते रंगे हाथ पकड़ा गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जरी कारखाने में इतने सिलेंडर आए कैसे।

जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीमें

फिलहाल पुलिस की टीम जांच कर रही है कि संकट के समय में भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर की सप्लाई किसने की। गनीमत रही कि 8 सिलेंडर में से सिर्फ दो ही सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। पुलिस और FSL की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *