Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

फरीदाबाद: घर के बाहर लगे AC की आउटडोर यूनिट में आग लगने से हादसा, पति-पत्नी समेत बेटी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

  • हरियाणा के फरीदाबाद में घर के बाहर लगे AC की आउटडोर यूनिट में आग लगने से पति-पत्नी समेत बेटी की मौत हो गई है और बेटे की हालत गंभीर है

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसने पूरे परिवार की जान ले ली है। फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड कॉलोनी में मकान के बाहर लगे एसी की आउटडोर यूनिट में आग लगने से ये हादसा हुआ है। इस हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई है और बेटे की हालत गंभीर है। मौत का कारण घर के अंदर दम घुटना बताया जा रहा है। इस हादसे में एक कुत्ते की भी जान गई है।

कैसे फैली आग?

हादसा ग्रीनफील्ड्स कॉलोनी के गेट संख्या 10 के अंदर बनी एक बिल्डिंग के एक फ्लैट में हुआ। एसी यूनिट में शॉर्ट शर्किट हो गया, जिसकी वजह से आग फैल गई। मृतकों में पति सचिन कपूर, पत्नी रिंकू और बेटी सुजान शामिल हैं। वहीं बेटे आर्यन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पहली मंजिल पर एसी के बाद अंदर फ्लैट में आग फैली तो परिवार बचने के लिए नीचे आ गया। सीढ़ियों में धुंआ होने के चलते ये परिवार दूसरी मंजिल पर ही फंस गया। धुआं इतना भर गया कि अंदर दम घुटने से दंपति, बेटी और कुत्ते की मौत हो गई। युवक गंभीर हालत में है।

पहले भी सामने आ चुके हैं दम घुटने से मौत के मामले

दिल्ली-एनसीआर में पहले भी दम घुटने से मौतों के कई मामले सामने आए हैं। लेकिन ये मौतें कमरे में अंगीठी या हीटर रखने की वजह से फैले धुएं की वजह से हुई थीं। इस बार एसी की आउटडोर यूनिट से आग फैलने और परिवार की धुएं में दम घुटने से मौत का मामला सामने आया। 

ऐसे में ध्यान रखना जरूरी है कि अगर घर में कहीं भी आग लगे तो सबसे पहले घर से बाहर निकलने की कोशिश करें। ये मत सोचें कि आप घर के अंदर खुद आग बुझा सकते हैं, उसके लिए फायर बिग्रेड को फोन करके बुलाएं। जीवन को सुरक्षित रखना आपकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। 

बेटे ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

मकान के अंदर सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48), बेटी सुजान (13) और बेटा आर्यन (24) सो रहे थे। धुएं से उनका दम घुटने लगा और घबराहट में सभी लोग छत की ओर भागे। लेकिन छत का गेट बंद होने के कारण वे वहां से नहीं निकल पाए और वापस कमरे में लौट आए।

इसी दौरान सचिन, रिंकू और सुजान बेहोश हो गए। जबकि आर्यन किसी तरह हिम्मत करके खिड़की से कूद गया। नीचे गिरने पर उसके हाथ-पैर में चोटें आईं। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने की सूचना चौथी मंजिल पर रह रहे परिवार ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं थी।

ग्रीन फिल्ड कॉलोनी में हादसे के बाद मौके पर इकट्‌ठा हुए लोग।

ग्रीन फिल्ड कॉलोनी में हादसे के बाद मौके पर इकट्‌ठा हुए लोग।

मामले की जांच कर रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। पहली मंजिल से अचेत अवस्था में मिले सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

5 साल से ग्रीनफील्ड कॉलोनी में रह रहा था परिवार

सचिन कपूर पिछले 5 साल से ग्रीनफील्ड कॉलोनी के हाउस नंबर 787 डी ब्लॉक में रेंट पर परिवार के साथ रहते थे। वह घर से ही स्टॉक ट्रेडर्स का काम करते थे। इन्होंने तीसरी मंजिल पर ऑफिस बनाया हुआ है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।

बेटा देहरादून में करता है पढ़ाई

सचिन की बेटी सुजान शिव नादर स्कूल सेक्टर 82 में पढ़ती थी। वहीं बेटा आर्यन देहरादून में पढ़ाई करता है। बाढ़ और बारिश से वहां पर हालत खराब होने की वजह से वह परिवार के साथ रह रहा था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *