हिसार : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर हरियाणा में भी दिख रहा है। गुरुवार सुबह से ही गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगी रहीं। अब कालाबाजारी भी शुरु हो गई है। गुरुग्राम में घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1500 तक में मिल रहा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 3 से 4 हजार रुपए हो गया है।
यमुनानगर में महिला प्रभजोत कौर गैस एजेंसी पहुंची तो उसे सिलेंडर के लिए मना कर दिया गया। इससे वह एजेंसी के सामने रोने लगी। बताया कि एक सप्ताह से उसके घर का सिलेंडर खत्म हुआ पड़ा है। उसके घर पर दो बच्चे हैं, परिवार को मजबूरन गुरुद्वारे में जाकर खाना खाना पड़ रहा है। पति दुबई में है जिसकी वजह से उसे काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ता है।
उधर, हिसार में पब्लिक से परेशान संचालक एजेंसी पर ताला डालकर फरार हो गया। रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने बताया कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। इधर-उधर से जुगाड़ कर रखा है। वहीं, पंचकूला शहर के मनसा देवी मंदिर में 25 हजार लोगों को कल से प्रसाद में रोटी मिलना बंद हो जाएगा। कल से केवल कढ़ी चावल और दाल चावल का प्रसाद ही लोगों को मिलेगा।
हालांकि, इन्हीं परेशानियों को देखते हुए सरकार की ओर से टोल फ्री नंबर 18001802087 भी जारी किया है। लोगों को कहना है कि यह नंबर काम नहीं कर रहा है।

रेवाड़ी के सेक्टर-4 और कैथल में गैंस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की लाइन।

हिसार में कंधे पर सिलेंडर रखकर ले जाता युवक।

फतेहाबाद की सुखमणि गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर जातीं दो महिलाएं।

सिरसा के रानिया में एजेंसी पर लगी लंबी कतार और तैनात पुलिस बल।
गैस सप्लाई पर असर…
- गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें, नहीं आ रहे ओटीपी : गुरुवार को भी हिसार, सोनीपत, फतेहाबाद, हांसी, पानीपत, कैथल, रेवाड़ी और फरीदाबाद में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने बताया कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। चार दिन पहले खत्म हो गया था। इधर-उधर से जुगाड़ कर रखा है। कभी हीटर पर बना ली, लकड़ी वैगहरा इकट्ठी कर रखी हैं। सिलेंडर खत्म होने पर बुक करवाया था। डीएसी नंबर मिला। आज आठ बजे यहां आया था, इतनी लंबी लाइन है। 8-10 पर्ची कटी, फिर बोल दिया सर्वर डाउन है।
- मुरथल में पाइप्ड गैस आपूर्ति 20 फीसदी घटी : गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (गेल) ने मुरथल के ढाबों की पाइप लाइन के जरिये गैस सप्लाई में 20% की कटौती की है। मुरथल ढाबा एसोसिएशन के प्रधान मनजीत सिंह ने बताया कि बहालगढ़ से मुरथल और गन्नौर तक 100 से ज्यादा ढाबे हैं। इनमें 15 बड़े ढ़ाबे हैं, जिनमें सुखदेव-अमरीक, मन्नत, गुलशन, पहलवान, झिलमिल, नीलकंठ, हवेली शामिल हैं। इन ढाबों से 8 से 10 हजार लोगों का रोजगार जुड़ा है। अभी इन ढाबों पर गैस सप्लाई पिछले पांच माह की लागत की औसत से 80 प्रतिशत मिलती रहेगी। अभी तुरंत ढाबों के खाने की कीमत नहीं बढ़ाई जा रही है। लेकिन ऐसी ही स्थिति लंबी चली तो इस पर विचार होगा।
- मंदिरों के भंडारों में गैस किल्लत का असर: वहीं, पंचकूला शहर के मनसा देवी मंदिर में 25 हजार लोगों को कल से प्रसाद में रोटी मिलना बंद हो जाएगा। गैस की किल्लत के कारण माता मनसा सेवक दल की ओर से कल से रोटी नहीं बनाई जाएगी। ट्रस्ट के सदस्य यतेश कुमार ने बताया कि कल से केवल कढ़ी चावल और दाल चावल का प्रसाद ही लोगों को मिलेगा।

