Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

हरियाली तीज महोत्सव महिला सशक्तिकरण की बना मिसाल

  • हरियाणवी खान-पान, परिधान और पहचान का साक्षी बना तीज महोत्सव

दैनिक उजाला, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महिलाओं के त्योहार हरियाली तीज को महिला सशक्तिकरण को समर्पित किया है। पानीपत में आयोजित राज्य स्तरीय तीज उत्सव समारोह में मुख्यमंत्री ने शिरकत कर हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर का अवलोकन किया और महिलाओं की हौसला अफजाई की।

महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित चीजों की प्रदर्शनी को देखकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल भाव-विभोर हुए और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में हमारी महिलाओं की एक सराहनीय पहल है।

­तीज महोत्सव पर आयोजित यह कार्यक्रम हरियाणवी खानपान, परिधान और पहचान का साक्षी बना है। महिलाओं के साथ साथ छोटे बच्चे भी हरियाणवी परिधान में इस कार्यक्रम में पहुंचे और कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया। सबसे खास बात यह रही कि उत्सव में 101 झूलों की झूल डाली गई और महिलाओं के पारंपरिक रूप से कोथली तैयार की गई। मुख्यमंत्री ने अभिभावक स्वरूप महिलाओं को यह कोथलियां भेंट की।

समारोह में पदमश्री सुमित्रा गुहा ने राग मल्हार की प्रस्तुति दी और सावन की ऋतु आई सखी री… लोक गीत गाकर समा बांध दिया। इसके अलावा, मीनाक्षी पांचाल ने भी सावन गीत की प्रस्तुति दी। पूरा पंडाल लोक गीतों के रंग में रंगा नजर आया और आम महिलाओं के साथ साथ महिला अधिकारियों ने भी हरियाणवी गीतों पर ठुमके लगाए। महिलाओं ने विशेष रूप से तैयार गुलगुले, सुहाली और पतासे जैसे पारंपरिक खानपान का आनंद लिया।

तीज महोत्सव में हरियाणा के प्रत्येक जिले से महिलाओं को आमंत्रित किया गया और महिलाओं ने भी इस महोत्सव में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। विभिन्न जिलों से आई महिलाएं अलग-अलग रंग की चुनरी व उस रंग का रुमाल हाथ पर बांध कर आई, जिससे पूरे उत्सव में रंगो ने अपनी छटा बिखेर दी।

सांझी डेयरी के बाद महिलाओं को साझा बाजार का दिया तोहफा

ग्रामीण आंचल में खेती बाडी के बाद पशु पालन एक ऐसा व्यवसाय है, जिसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका होती है। एक समृद्ध किसान को सफल बनाने के पीछे महिलाओं का ही हाथ होता है। स्वयं सहायता समूह के उत्पादों के बिक्री के लिए मुख्यमंत्री ने तीज के अवसर पर साझा बाजार की अवधारणा को चरितार्थ करने की योजना को सबके सामने रखते हुए महिला सशक्तिकरण की एक और मिसाल को मूर्तरूप देने का काम किया।

तीज महोत्सव में हरियाणवी संस्कृति से जुड़ी विभिन्न ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहरों को भी प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री व महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने इसका अवलोकन किया और रघुवेन्द्र मलिक ने मुख्यमंत्री को प्रदर्शनी में रखी प्राचीन वस्तुओं के बारे में जानकारी दी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *