दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुक़ाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द ओवल मैदान में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पिछली बार भी भारत ने डबल्यूटीसी का फ़ाइनल खेला था। तब उसे न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भारतीय टीम इस मुक़ाबले को हर हाल में जीत इतिहास रचना चाहेगा। टीम ने विकेट कीपर के तौर पर ईशान किशन की जगह केएस भरत को तवज्जो दी है।
दोनों टीमों के कैप्टंस का 50वां टेस्ट
संयोग की बात है, यह दोनों ही टीमों के कप्तानों का 50वां टेस्ट है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस एक साथ 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं।
जडेजा बतौर स्पिनर खेल रहे, वर्ल्ड नंबर-1 अश्विन बाहर
मुकाबले में भारतीय टीम चार तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के साथ उतरी है। बतौर स्पिनर रवींद्र जडेजा को मौका दिया गया है, जबकि रविचंद्रन अश्विन बेंच पर बैठाए गए हैं।
इंग्लैंड में पहली बार आमने-सामने भारत-ऑस्ट्रेलिया
इंग्लैंड में दोनों ही टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इंग्लैंड में 176 टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे महज 31% मुकाबलों में हार मिली। वहीं, टीम इंडिया ने यहां 68 मैच खेले और केवल 9 ही जीते हैं। मैदान की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने ओवल पर 38 टेस्ट में सिर्फ 7 जीते हैं यानी 14% मुकाबले जीते। इंडिया ने यहां 14 मुकाबले खेले और सिर्फ 2 में जीत हासिल की है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: पैट कमिंस (कप्तान), डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन लायन, मिचेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड।

