Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

इजराइल का फैसला- ईरान को हमले का जवाब देंगे:जयशंकर से बातचीत के बाद ईरान बोला- भारतीय क्रू से मिल सकेंगे उनके अधिकारी

नई दिल्ली : इजराइल पर ईरान के हमले के बाद रविवार को वॉर कैबिनेट की मीटिंग में इस बात पर सहमति बनी है कि ईरान को जवाब दिया जाना चाहिए। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, यह कब और कैसे होगा, इसका फैसला नहीं हो पाया है। दूसरी तरफ, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान की कैद में मौजूद 17 भारतीयों की रिहाई के लिए ईरानी विदेश मंत्री से बात की।

जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को शांति और कूटनीति के जरिए मसले का हल निकालना चाहिए। दरअसल, शनिवार को ईरान ने इजराइली अरबपति की कंपनी के एक जहाज पर कब्जा कर लिया था। यह कार्गो शिप भारत आ रहा था और इस पर भारत के 17 क्रू मेंबर्स सवार थे।

इससे पहले ईरान की सेना ने शनिवार देर रात 3 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) इजराइल पर करीब 300 ड्रोन और मिसाइल से अटैक किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक इजराइल ने अमेरिका और दूसरे सहयोगी देशों के साथ मिलकर 99% ड्रोन-मिसाइलों को रोक दिया था।

13 अप्रैल को ईरान ने भारतीय क्रू वाले जहाज पर कब्जा कर लिया था। यह जबाज इजराइली अरबपति की कंपनी का था।

हमले में सिर्फ इजराइल के नेवातिम एयरफोर्स बेस को कुछ नुकसान पहुंचा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने इजराइल पर इस हमले को ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस’ नाम दिया। दरअसल, 1 अप्रैल को इजराइल ने सीरिया में ईरानी एम्बेसी के पास एयरस्ट्राइक की थी। इसमें ईरान के दो टॉप आर्मी कमांडर्स समेत 13 लोग मारे गए थे। इसके बाद ईरान ने बदला लेने के लिए इजराइल पर अटैक करने की धमकी दी थी।

ईरान में 17 क्रू मेंबर्स से मिलेंगे भारतीय अधिकारी
भारत के विदेश मंत्री जयशंकर से फोन पर बातचीत के बाद ईरान ने भारतीय अधिकारियों को 13 क्रू सदस्यों से मिलने की इजाजत दे दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा, “ईरान मामले की जांच कर रहा है। हम कब्जे में लिए गए जहाज से जुड़ी जानकारियों का आंकलन कर रहे हैं। हम जल्द ही भारत सरकार के अधिकारियों को जहाज के क्रू से मिलने का मौका देंगे।”

बाइडेन का प्रस्ताव- इजराइल को 1.17 लाख करोड़ की मदद करे अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने संसद के सामने इजराइल को 1.17 लाख करोड़ की मदद के लिए का प्रस्ताव रखा है।

अमेरिकी संसद के स्पीकर माइक जॉनसन ने बाइडेन से फोन पर बातचीत के बाद फॉक्स न्यूज को बताया कि अमेरिका इजराइल के साथ है। हम उनके लिए जल्द से जल्द राहत पैकेज रिलीज करने की कोशिश करेंगे।

इजराइली सेना ने स्कूल-कॉलेज खुलने और जनसभाओं पर से रोक हटाई
ईरान के हमले के करीब 24 घंटे बाद ही IDF ने देश में लगी पाबंदियों को हटा दिया। दरअसल, ईरानी अटैक के बाद इजराइल में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे। भीड़ इकट्ठा होने और जनसभाओं पर भी रोक लगा दी गई थी।

यह पाबंदियां इजराइली समय के मुताबिक, सोमवार रात 11 बजे तक जारी रहने वाली थीं। लेकिन IDF ने रविवार रात ही इन्हें हटा दिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *