नई दिल्ली : अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 16वां दिन है। इस वजह से जहाजों को खाड़ी देशों से ऑयल लाने में दिक्कत हो रही है। भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक शनिवार को UAE के ‘फुजैराह ऑयल टर्मिनल’ पर हमला हुआ था। इस दौरान भारतीय झंडे वाला जहाज ‘जग लाड़की’ वहां तेल भर रहा था।
जहाज पर मौजूद सभी भारतीय स्टॉफ सुरक्षित हैं। जहाज ने लगभग 80,800 मीट्रिक टन क्रूड ऑयल लोड किया और अब सुरक्षित रूप से भारत की ओर रवाना हो गया है।
वहीं, ईरान ने रविवार को इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिसाइल के टुकड़े गिरने से उस इमारत को नुकसान पहुंचा है, जहां अमेरिकी डिप्लोमेट काम करते हैं।
हालांकि यह नहीं बताया गया कि यह इमारत किस शहर में है। इजराइल में अमेरिका का दूतावास यरुशलम में है और तेल अवीव में भी उसका एक बड़ा दफ्तर है।
ईरान बोला- सुप्रीम लीडर मुजतबा पूरी तरह ठीक
ईरान ने कहा है कि देश के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें कोई चोट नहीं लगी है। इससे पहले ब्रिटिश मीडिया द सन ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि मुजतबा 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में घायल हो गए थे। इसके बाद से वे कोमा में हैं और उनका एक पैर भी काटना पड़ा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने भी कहा था कि मुजतबा घायल हो गए हैं। हालांकि अराघची ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग

ईरान के इस्फहान पर रविवार को इजराइल और अमेरिका के हमले में 15 लोगों की मौत हो गई।

अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने शनिवार को ईरान के खार्ग आइलैंड पर हमले का फुटेज जारी किया।

ईरान ने रविवार को मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजराइल के कई ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन अटैक किया।

