पटना : बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद जदयू कार्यकर्ता गुस्से में हैं। वो इसे साजिश बता रहे हैं।
इसको लेकर जदयू दफ्तर के बाहर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। शुक्रवार को जदयू कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के पोस्टर पर कालिख पोती।
इसके साथ ही पटना में जगह-जगह पोस्टर लगाए हैं। जिस पर लिखा है, ‘नीतीश सेवक कर रहा पुकार, नेता करें अपने निर्णय पर विचार।’
आज शाम 5 बजे सीएम नीतीश कुमार ने जदयू के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों की मीटिंग बुलाई है। वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने बारी से बारी से मुख्यमंत्री मुलाकात की है।

जदयू कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के पोस्टर पर कालिख पोती।

जदयू कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।

जदयू कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाकर सीएम नीतीश को फैसले पर फिर से सोचने को कहा।
- JDU विधायक विनय चौधरी ने कहा कि, सीएम का राज्यसभा जाने का फैसला हमें मंजूर नहीं है। निशांत को पहले ही राजनीति में आ जाना चाहिए था।
- जदयू दफ्तर में एक बच्चे ने नीतीश कुमार से राज्यसभा नहीं जाने की गुहार लगाई।
- सीएम नीतीश कुमार से सम्राट चौधरी-विजय सिन्हा ने मुलाकात की है।
- कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश के चेहरे पर जनादेश मिला है। जनता को धोखा देना ठीक नहीं है।
बिहार की नई सरकार को पूरा सपोर्ट करूंगा
नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने अपने X पर लिखा था कि, ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा।’
नीतीश के ऐलान पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि, बिहार में महाराष्ट्र मॉडल बीजेपी ने लागू किया है। भाजपा ने नीतीश कुमार को इतना टॉर्चर किया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी को खत्म कर देती है। बीजेपी ने नीतीश को हाईजैक किया है।
जदयू कार्यकर्ताओं की मांग है कि सीएम अपना फैसला बदल लें
जदयू दफ्तर के बाहर कार्यकर्ता सीएम नीतीश से राज्यसभा जाने के फैसले को वापस लेने की लिए पोस्टकार्ड पर लिख रहे हैं। इनका कहना है कि बिहार को आपकी जरूरत है।
नीतीश से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सीएम हाउस पहुंचे हैं। सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

