Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

‘ये इस्लामिक देश नहीं, चेहरा तो दिखाना ही होगा’:गिरिराज बोले- नीतीश ने हिजाब हटाकर सही किया

पटना : CM नीतीश के मुस्लिम डॉक्टर के हिजाब खींचने का मामला शांत नहीं हो रहा है। बेंगलुरु में एक वकील ने नीतीश कुमार के खिलाफ जीरो FIR दर्ज कराई है।

जबकि, शायर मुनव्वर राणा की बेटी और सपा प्रवक्ता सुमैया राणा ने लखनऊ पुलिस थाने में शिकायत की है। विरोधी नीतीश कुमार से माफी की मांग कर रहे हैं। वहीं, NDA के नेता मामले पर नीतीश कुमार का बचाव करते नजर आ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने हिजाब हटाने को सही ठहराया है। उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार ने कोई गलत काम नहीं किया है। अगर कोई नियुक्त पत्र लेने के लिए जा रही है तो क्या वो अपना चेहरा नहीं दिखाएगी?’

केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने भी नीतीश कुमार का साथ दिया है। उन्होंने कहा, “एक्सीडेंटली ऐसा हुआ होगा। बेटी समझकर उन्होंने ऐसी चीज की होगी कि काम करने जा रहे हो तो हिजाब लगाने की क्या जरूरत है। उनका इरादा खराब नहीं था। इसे धर्म के चश्मे से नहीं देखना चाहिए।”

बता दें कि 15 दिसंबर को बिहार में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान एक महिला हिजाब पहनकर आई तो नीतीश कुमार ने पूछा कि यह क्या है और उसे अपने हाथ से हटा दिया।

इधर, नुसरत परवीन ने नौकरी जॉइन करने का मन बना लिया है। परिवार के मनाने के बाद नुसरत ने ये फैसला लिया है। देर रात महिला कोलकाता से पटना लौटी हैं। उम्मीद है वो आज गुरुवार को नौकरी जॉइन कर सकती हैं।

लखनऊ में CM नीतीश के खिलाफ शिकायत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता और मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने CM नीतीश के खिलाफ शिकायत की है। यूपी की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाने में तहरीर देकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सुनैया राणा ने अपनी शिकायत में लिखा है कि जिस तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सार्वजनिक मंच पर एक महिला का हिजाब खींचा, उससे उनके मानसिक दिवालियापन का पता चलता है। नीतीश कुमार की यह हरकत बेहद शर्मनाक थी।

सुमैया राणा ने यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद के खिलाफ भी शिकायत की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संजय निषाद का बयान भी आपत्तिजनक है। मंत्री संजय निषाद ने मामले पर एक चैनल से कहा, ‘वो (नीतीश) भी तो आदमी हैं। इतना पीछे नहीं पड़ जाना चाहिए। नकाब छूने से इतना हंगामा, यहां-वहां…तो क्या होता?’

पूरा मामला क्या है

दरअसल, सोमवार को CM नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक महिला डॉक्टर नुसरत को पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उसे देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई।

CM ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी। महिला ने जवाब दिया, हिजाब है सर। CM ने कहा कि हटाइए इसे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया।

इस दौरान डिप्टी CM सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को रोकने के प्रयास में उनकी आस्तीन खींचते हुए नजर आए। हिजाब हटाने से महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को नियुक्ति पत्र फिर थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से चली गई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *