बल्लभगढ़, फरीदाबाद : फरीदाबाद के खेड़ीपुल थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-75 पाम सोसाइटी में 20 वर्षीय छात्र ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। हादसे के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत छात्र के माता-पिता और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसके मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले में सुसाइड के कारणों की छानबीन में लगी है।
छात्र मानव जोशी अपने पिता समीर और मां के साथ पाम सोसाइटी की 14वीं मंजिल पर रहता था। वह एक निजी संस्थान में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता और मां दिल्ली की निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। पिता समीर ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में अच्छा था और उसने कभी किसी तनाव की बात नहीं की। सुबह भी मानव की अपने पिता से बातचीत हुई थी, लेकिन उसने किसी तरह की चिंता या परेशानी का जिक्र नहीं किया।

फरीदाबाद सेक्टर-75 पाम सोसाइटी में ये हादसा हुआ है।
रात को 14वीं मंजिल से कूदा
रात करीब साढ़े आठ बजे सोसाइटी के लोगों ने समीर को फोन कर बताया कि मानव ने बालकनी से छलांग लगा दी है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। समीर तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई घटना से परिवार पूरी तरह सदमे में है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मानव ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
पुलिस कर रही है गहराई से जांच
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

