Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

हरियाणा में फरवरी महीने में अप्रैल जैसी गर्मी:5 शहरों में 30°C पार तापमान, गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा; 28 तक मौसम रहेगा खुश्क

हिसार : हरियाणा में फरवरी महीने के आखिरी सप्ताह में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। फरवरी अंत में अप्रैल जैसी गर्मी दोपहर में महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 5 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है और औसतन सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी से गेहूं सहित रबी फसलों पर असर पड़ने की संभावना बढ़ गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार भिवानी में 31.0°C, नूंह में 30.9°C, महेंद्रगढ़ में 30.3°C, गुरुग्राम में 30.2°C और नारनौल में पारा 30.2°C दर्ज किया गया। वहीं हिसार और भिवानी में तापमान 30 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री की वृद्धि हुई है और यह सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान जींद में 11°C दर्ज किया गया।

गेहूं की फसल पर असर

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेहूं एक्सपर्ट डॉ. ओपी बिश्नोई ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी विशेष रूप से गेहूं की फसल के लिए संवेदनशील मानी जाती है क्योंकि इस समय फसल बालियां बनने और दाने भरने की अवस्था में प्रवेश कर रही है। अधिक तापमान रहने से दाने पतले रह सकते हैं और उत्पादन घट सकता है।

रात का तापमान बढ़ने से पौधों की श्वसन क्रिया तेज होती है, जिससे पौधों की ऊर्जा खपत बढ़ जाती है। इससे दानों का वजन कम होने की आशंका रहती है। किसानों को सलाह दी जा रही है कि खेत में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करें और आवश्यकता अनुसार पोषक तत्व दें।

28 फरवरी को बादल छाएंगे- मौसम एक्सपर्ट

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 28 फरवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है।

इस कारण रात्रि तापमान में गिरावट आ सकती है। 28 फरवरी को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *