करनाल : जन शताब्दी ट्रेन से कल रात को करनाल पहुंचे पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आज कई कार्यक्रमों शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भारत पाक मैच सहित कई सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया ने जब उनसे अरविंद केजरीवाल के बयान- सरकार को भारत-पाक मैच से आने वाला पैसा प्यारा है, इस सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि आरोप लगाने से पहले हर किसी को अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। पहलगाम हमले के बाद सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और सख्त कार्रवाई की, जिसकी हर जगह सराहना हुई।
खेल को दुश्मनी से जोड़ना ठीक नहीं
मनोहर लाल ने कहा कि खेल का अपना सिस्टम और शेड्यूल होता है। मैच दुबई में हो रहा है, न कि पाकिस्तान की धरती पर। इसलिए खेल को प्रोत्साहन देने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 खिलाड़ी एक तरफ और 11 दूसरी तरफ होते हैं और खेल भावना के तहत मुकाबला होता है।
किसी देश के साथ स्थायी दुश्मनी रखना उचित नहीं। उन्होंने साफ कहा कि भारत की शर्तें स्पष्ट हैं-आतंकवाद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और पाकिस्तान को पीओके वापस करना ही होगा। अगर ये शर्तें मानी जाती हैं, तो पड़ोसी देश के साथ अच्छे संबंध बनाने में कोई दिक्कत नहीं है।

रेलवे स्टेशन से अपनी गाड़ी में रवाना होते केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल।
हरियाणा को केंद्र से पैकेज की डिमांड
हरियाणा सरकार की केंद्र से बाढ़ राहत पैकेज की डिमांड पर सवाल किया तो केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनहित में हर संस्था और हर पार्टी को काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि देश के कई हिस्सों में बाढ़ से नुकसान हुआ है।
प्रधानमंत्री खुद कई राज्यों का दौरा कर चुके हैं और गृहमंत्री ने भी प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया है। हरियाणा में भी बाढ़ का असर हुआ, हालांकि यह नुकसान दूसरे राज्यों की तुलना में कम है। फिर भी राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि जहां नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा पखवाड़ा
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस भी मनाया जाएगा।
इसी कड़ी में इस बार भी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा पूरे देश में मनाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि इस सेवा पखवाड़े के लिए खास तौर पर जिला स्तर, विधानसभा स्तर और ग्रामीण स्तर तक की रूपरेखा तैयार की गई है।
रविवार को करनाल में सभी विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया। इस बार सेवा पखवाड़े में करीब 17 तरह के कार्यक्रम होंगे।

