नारनौल : हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार राज्य के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक शीतकालीन अवकाश 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक रहेगा। 16 जनवरी 2026, शुक्रवार से विद्यालय नियमित रूप से पुनः खोले जाएंगे।
शिक्षा निदेशालय के पत्र के मुताबिक, यह आदेश राज्य के सभी स्कूल मुखिया और प्रभारी पर लागू होंगे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों में आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करें।

विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी किया गया पत्र
नहीं होगा सामान्य कक्षाओं का संचालन
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शीतकालीन अवकाश के दौरान सामान्य कक्षाओं का संचालन नहीं होगा, लेकिन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), आईसीएसई बोर्ड सहित अन्य बोर्डों के नियमों के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए विद्यालय में बुलाया जा सकता है। इसके लिए संबंधित स्कूलों को बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
ठंड के चलते लिया गया निर्णय
शिक्षा विभाग का कहना है कि ठंड के लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर शीतकालीन अवकाश का निर्णय लिया गया है। इससे बच्चों को अत्यधिक ठंड में स्कूल आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सभी अधिकारियों को भेजे गए आदेश
यह आदेश सहायक निदेशक (शैक्षणिक), माध्यमिक शिक्षा हरियाणा, पंचकूला की ओर से जारी किए गए हैं। आदेश की प्रति सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि समय रहते स्कूलों में इसकी जानकारी दी जा सके और किसी भी स्तर पर भ्रम की स्थिति न बने।

