Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

हरियाणा में दुल्हन ने फेरे लेने से किया मना:वरमाला के बाद लड़की बोली- दूल्हे ने शराब पी है, बाद में बॉयफ्रेंड संग फरार

नारनौल : हरियाणा के नारनौल में फेरों से ठीक पहले दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने शराब पी रखी। वह उसके साथ शादी नहीं करेगी। इस पर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई। लड़के पक्ष ने आरोपों को नकारा, लेकिन दुल्हन ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। ऐसे में बारात को बैरंग लौटना पड़ा।

कार्यक्रम में शामिल लोगों के मुताबिक दुल्हन का बॉयफ्रेंड वहां पहुंचा हुआ था। वह स्टेज पर दुल्हन के साथ था। बॉयफ्रेंड के कहने पर फेरे लेने से मना किया। इसके बाद से दुल्हन और बॉयफ्रेंड गायब हैं। फिलहाल इस बारे में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं पहुंची है।

दुल्हन ने दिल्ली से ग्रेजुएशन की है। वहीं जिस लड़के से उसकी शादी हो रही थी वह कारोबारी है।

दिल्ली में रहता लड़की का परिवार, गांव में आकर कर रहे थे शादी

नांगल चौधरी के एक गांव के युवक का निजामपुर थाना के अंतर्गत पड़ते गांव की लड़की से करीब 3 महीने पहले रिश्ता तय हुआ था। लड़की वाले अब दिल्ली रहते हैं, लेकिन परिवार ने बेटी की शादी नांगल चौधरी में ही करने का फैसला किया। शादी की तारीख 27 नवंबर तय हुई।

कार्यक्रम नांगल चौधरी के मैरिज पैलेस में रखा गया। बीती रात को लड़के वाले बारात लेकर मैरिज पैलेस पहुंचे। यहां लड़की पक्ष के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद स्टेज का कार्यक्रम शुरू हुआ। दूल्हा और दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। दोनों ने परिजनों का आशीर्वाद लिया।

वरवाला के बाद होने थे फेरे, मना कर दिया

आशीर्वाद लेने के बाद फेरे लेने की रस्म होनी थी। इसी बीच दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लेने से मना कर दिया। लड़की पक्ष के गांव वालों के मुताबिक दुल्हन का कहना था कि लड़के और उसके पिता दोनों ने शराब पी हुई है। वह शराबी के यहां जाना पसंद नहीं करेगी।

दुल्हन को समझाने के प्रयास किए गए। इस दौरान दोनों पक्षों में बहसबाजी भी हुई, लेकिन दुल्हन ने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रात को ही बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

दिल्ली से आया था बॉयफ्रेंड

बारात में शामिल लोगों के मुताबिक स्टेज पर दुल्हन के साथ उसका बॉयफ्रेंड मौजूद था। इसके बाद फेरों के समय उसने बॉयफ्रेंड के कहने पर फेरे लेने से मना किया। इसके बाद से बॉयफ्रेंड और दुल्हन गायब हैं।

मामला थाने नहीं पहुंचा

इस बारे में नांगल चौधरी के थाना प्रभारी रतन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में कुछ बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन मामला थाने में नहीं आया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *