चंडीगढ़ : हरियाणा में अब खराब सड़कों की ऑनलाइन शिकायत की जा सकेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने म्हारी सड़क एप्लिकेशन (हरपथ) की पंचकूला से लॉन्चिंग की है। सीएम सैनी ने इस दौरान बताया कि राज्य की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए इस एप्लिकेशन का शुभारंभ किया गया है।
इस अवसर पर हरियाणा के लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा, हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद रहे।
इस ऐप के जरिए हरियाणा के लोग खराब सड़कों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, जिसमें गड्ढे, खराब सड़कें या अन्य समस्याएं शामिल हैं। यह ऐप नागरिकों को सड़कों की तस्वीरें और अपनी लोकेशन (GPS के जरिए) अपलोड करने की सुविधा देगा। शिकायत दर्ज होने के बाद नागरिक उसकी स्थिति को भी ट्रैक कर सकते हैं।
यह सरकार की नागरिक प्रतिक्रिया प्रणाली का हिस्सा है, जिससे नागरिक सीधे तौर पर सड़कों की समस्याओं से सरकार को अवगत करा सकते हैं। ऐप का उद्देश्य खराब सड़कों और गड्ढों की मरम्मत कराना है, जिससे सड़कों की गुणवत्ता में सुधार हो।
इस ऐप को अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं और खुद को रजिस्टर्ड कर सकते हैं। ऐप में जीपीएस चालू करके टूटी सड़क की तस्वीर ले सकते हैं और उसे अपलोड कर सकते हैं।

ऐप लॉन्चिंग से पहले चंडीगढ़ में विकास कार्यों को लेकर पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ मीटिंग करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
क्या हैं ऐप की विशेषताएं
यह ऐप सड़कों से जुड़ी समस्याओं को जीपीएस के जरिए जियो-टैग करता है। शिकायत दर्ज होने पर यह स्वचालित रूप से संबंधित निरीक्षण एजेंसियों को भेजी जाती है, जैसे लोक निर्माण विभाग (PWD)। फील्ड में तैनात अधिकारी ऐप पर सड़कों से जुड़े अपडेट साझा करते हैं, और ऐप पर ब्लॉक किए गए मार्ग की जानकारी मिलने पर लोग जान पाते हैं कि मार्ग कब खुलेगा।
CM ने विकास कार्यों की 15 दिन में रिव्यू करने को कहा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज यहां विकास एवं पंचायत विभाग और ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को लेकर एडीसी, जिला परिषद के सीईओ, डीडीपीओ और पंचायती राज के कार्यकारी अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में सैनी ने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से तय समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही, जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ धरातल पर हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए अधिकारी हर 15 दिन में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना भी सुनिश्चित करें।
ग्राम सभा की बैठकें कराने को कहा
नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि 500 वर्ग गज तक की शामलात भूमि पर अनधिकृत रूप से निर्मित मकानों का नियमितीकरण करने के कार्यों में तेजी लाने के लिए ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठकों का आयोजन किया जाए। इसके अलावा, पात्र लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायतों में मुनादी करवाई जाए।
अगले तीन सप्ताह के अंदर ग्राम सभा की बैठकों का आयोजन कर इसके तहत केसों का निपटान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, जिन जिलों के केस अप्रूव हो चुके हैं, उनकी रजिस्ट्रियां जल्द करवाई जाए।

