नूंह : हरियाणा के नूंह में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने 11 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में 4 महिलाएं गंभीर घायल हैं।
हादसा इतना भयानक था कि कई शवों के 2 टुकड़े हो गए। ये सभी एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम करने आए थे। मरने वालों में 4 महिलाएं एक ही परिवार की थीं।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। सूचना के बाद फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में रखवाया।

सड़क पर पड़ा महिला का शव, जिसके 2 टुकड़े हो गए।
एक्सप्रेसवे पर सफाई करते वक्त कुचला
जानकारी के मुताबिक इब्राहिमबास गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम चल रहा है। ठेकेदार ने कई गांवों के लोगों को इस काम में लगाया हुआ है। शनिवार सुबह 11 लोग सफाई करने के लिए पिकअप गाड़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान गुरुग्राम की तरफ से आई तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया।
6 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 6 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक पुरुष और 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां पुरुष ने भी दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं में से 2 की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।
लाशें बिखरी, कई शवों के टुकड़े हुए
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लाशें बिखरी दिखीं। कई शवों के टुकड़े हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गाड़ी का ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
वहीं, हादसे के बाद टक्कर मारने वाली पिकअप का ड्राइवर गाड़ी को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

पिकअप गाड़ी, जिसे आरोपी ड्राइवर मौके पर छोड़कर भाग गया।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
हादसे में खेड़ली कलां गांव की रचना (30), पिस्ता (30), रेशम (60), सतवंती (30), जयदेई (50), प्रेम (65) और झिमरावट गांव के व्यक्ति आशु (50) की मौत हो गई। वहीं, रिगड गांव की अनिता, लच्छन और हेमलता घायल हो गईं। चौथी घायल महिला की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे पर DC और SP क्या बोले…
- परिवारों की आर्थिक मदद की जाएगी: नूंह के DC विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बड़ी घटना हुई है। SDM और DSP मौके पर पहुंचे हैं। मेडिकल कॉलेज को कहा गया है कि घायलों को हर तरह की मदद दी जाए। पीस कमेटी परिवारों की आर्थिक मदद करेगी। उन्होंने कहा है कि मामले की अच्छे से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ तख्त कार्रवाई करेंगे।
- जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा: वहीं, SP राजेश कुमार ने कहा कि आरोपी ड्राइवर को आईडेंटिफाई कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। FIR दर्ज कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बिखरी लाशों के PHOTOS…



